-
☰
No image found.
उत्तर प्रदेश: तरबगंज में संपूर्ण समाधान दिवस—108 शिकायतें पहुंचीं, 4 का मौके पर निस्तारण
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: तरबगंज तहसील में शनिवार सुबह 10 बजे संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान कुल 108 फरियादी अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे, जिनमें से चार का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: तरबगंज तहसील में शनिवार सुबह 10 बजे संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान कुल 108 फरियादी अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे, जिनमें से चार का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी आलोक कुमार ने की। समाधान दिवस में अपर जिलाधिकारी आलोक कुमार के साथ उप जिलाधिकारी प्रदीप कुमार सिंह, तहसीलदार आशुतोष पाण्डेय और सीओ तरबगंज उमेश्वर प्रभात सिंह ने फरियादियों की सुनवाई की। तरबगंज थाना क्षेत्र के सुसेला निवासी मीनल सिंह ने शिकायत दर्ज कराई कि उनके विपक्षी विवादित भूमि पर जबरन निर्माण कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस भूमि को लेकर कोर्ट में वाद चल रहा है, इसके बावजूद निर्माण नहीं रोका जा रहा। मीनल सिंह ने पुलिस पर विपक्षियों से मिलीभगत का आरोप लगाते हुए कहा कि अवैध निर्माण रोकने के लिए थाने से लेकर उच्च अधिकारियों तक शिकायत की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसी तरह, तरबगंज क्षेत्र के गौहानी निवासी भास्कर पाण्डेय ने बताया कि उनके घर के पास लगा इंडिया मार्क हैंडपंप खराब है और पानी नहीं दे रहा। उन्होंने इसकी शिकायत कई बार ब्लॉक मुख्यालय और तहसील में की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। नवाबगंज थाना क्षेत्र के नगवा निवासी सीताराम पुत्र स्व. राम औतार ने शिकायत की कि उनके विपक्षी ने दबंगई से हरिजन आबादी की भूमि को जोतकर अपने खेत में मिला लिया है। उप जिलाधिकारी तरबगंज प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 108 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से चार का मौके पर समाधान किया गया। शेष शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि समाधान दिवस में अधिकतर शिकायतें भूमि विभाग से संबंधित थीं।
