Contact for Advertisement 9650503773


उत्तर प्रदेश: शाहजहांपुर की सृष्टि ने हिंदी नेट में 99.6 पर्सेंटाइल के साथ पहले प्रयास में जेआरएफ किया क्वालीफाई

- Photo by : SOCIAL MEDIA

उत्तर प्रदेश  Published by: Irshad Ahmad , उत्तर प्रदेश  Edited By: Shubhi Shikha Nayal, Date: 10/09/2026 04:21:19 pm Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by.: Irshad Ahmad ,
  • Edited By.: Shubhi Shikha Nayal,
  • Date:
  • 10/09/2026 04:21:19 pm
Share:

संक्षेप

उत्तर प्रदेश: शाहजहांपुर के परशुरामपुरी (जलालाबाद) के ग्राम नगरिया बुजुर्ग निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक राम सेवक शर्मा की बेटी सृष्टि आर. शर्मा ने हिंदी विषय में राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (NET) में शानदार सफलता हासिल करते हुए जेआरएफ (JRF) क्वालीफाई किया है।

विस्तार

उत्तर प्रदेश: शाहजहांपुर के परशुरामपुरी (जलालाबाद) के ग्राम नगरिया बुजुर्ग निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक राम सेवक शर्मा की बेटी सृष्टि आर. शर्मा ने हिंदी विषय में राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (NET) में शानदार सफलता हासिल करते हुए जेआरएफ (JRF) क्वालीफाई किया है। सृष्टि ने अपने पहले ही प्रयास में हिंदी विषय में 99.6 पर्सेंटाइल हासिल कर परिवार और शाहजहांपुर जिले का नाम रोशन किया है। 

सृष्टि ने इसी वर्ष एमए हिंदी की परीक्षा उत्तीर्ण की थी। इसके बाद उन्होंने पहली बार नेट परीक्षा में हिस्सा लिया। बेहतर तैयारी और मेहनत के दम पर उन्होंने हिंदी विषय में 99.6 पर्सेंटाइल प्राप्त किया और जेआरएफ के लिए चयनित होने में सफलता हासिल की। बताया गया कि इस बार देशभर में हिंदी विषय में सिर्फ 92 अभ्यर्थियों ने जेआरएफ के लिए सफलता हासिल की है। ऐसे में सृष्टि की उपलब्धि को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सृष्टि की इस सफलता से उनके परिवार में खुशी का माहौल है। परिजनों और परिचितों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। सृष्टि की सफलता को जिले के लिए भी गौरव का विषय बताया जा रहा है।

शिक्षा के क्षेत्र में परिवार की मजबूत पृष्ठभूमि

सृष्टि के पिता राम सेवक शर्मा बेसिक शिक्षा परिषद से सेवानिवृत्त शिक्षक हैं। सेवानिवृत्ति के बाद भी वह शिक्षा के क्षेत्र से जुड़े हुए हैं और वर्तमान में राजकीय इंटर कॉलेज शाहजहांपुर में गणित प्रवक्ता के रूप में निशुल्क सेवाएं दे रहे हैं। परिवार में शिक्षा के प्रति रुचि और उपलब्धियों का सिलसिला लंबे समय से बना हुआ है। सृष्टि की बड़ी बहन ने अर्थशास्त्र में स्नातकोत्तर की शिक्षा पूरी करने के बाद बैंक ऑफ बड़ौदा में नौकरी हासिल की। उनके भाई सत्यम आर. शर्मा बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर केंद्रीय विश्वविद्यालय, लखनऊ से सांख्यिकी विषय में पीएचडी कर रहे हैं। वहीं दूसरे भाई रुद्रांश आर. शर्मा ने जेईई मेन और एडवांस परीक्षा क्वालीफाई करने के बाद एनआईटी टाटानगर, जमशेदपुर से कंप्यूटर साइंस में बीटेक की पढ़ाई कर रहे हैं।

संगठन ने दी बधाई

सृष्टि की उपलब्धि पर विश्वकर्मा एकीकरण अभियान के प्रदेश प्रभारी नरेश पांचाल ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहित करने के लिए संगठन की ओर से जल्द ही सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। सृष्टि की सफलता ने यह संदेश दिया है कि मेहनत, लगन और निरंतर अध्ययन के जरिए विद्यार्थी अपने लक्ष्य को हासिल कर सकते हैं। उनके परिवार की शैक्षणिक उपलब्धियां भी क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन रही हैं।


Featured News