Contact for Advertisement 9650503773


Father Kills His Own Newborn Daughter: तीसरी बेटी होने पर पिता था नाराज़, अस्पताल में नवजात का गला दबाकर की हत्या 

- Photo by : NCR SAMACHAR

राजस्थान  Published by: Shubhi Shikha Nayal , राजस्थान  Edited By: Shubhi Shikha Nayal, Date: 29/07/2026 05:25:56 pm Share:
  • राजस्थान
  • Published by.: Shubhi Shikha Nayal ,
  • Edited By.: Shubhi Shikha Nayal,
  • Date:
  • 29/07/2026 05:25:56 pm
Share:

संक्षेप

राजस्थान: जयपुर ग्रामीण जिले के चंदवाजी थाना क्षेत्र स्थित एक निजी अस्पताल से इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है।

विस्तार

राजस्थान: जयपुर ग्रामीण जिले के चंदवाजी थाना क्षेत्र स्थित एक निजी अस्पताल से इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। बेटे की चाहत में एक पिता पर अपनी ही नवजात बेटी की गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगा है। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई, जबकि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।

ऑपरेशन से हुआ था बच्ची का जन्म

पुलिस के अनुसार नीमराणा के रहने वाले रवि कुमार यादव अपनी पत्नी कोमल को 27 जुलाई को उसकी डिलीवरी के लिए अस्पताल लेकर आया था। डॉक्टरों ने ऑपरेशन के माध्यम से सुरक्षित डिलीवरी कराई, जिसमें एक स्वस्थ बच्ची का जन्म हुआ। दंपति की पहले से दो बेटियां थीं और तीसरी बार भी बेटी होने की जानकारी मिलने के बाद आरोपी निराश और मानसिक तनाव में था। डिलीवरी के बाद मां को अलग वार्ड में रखा गया था, जबकि नवजात को डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ की निगरानी में विशेष वार्ड में भर्ती किया गया था। आरोप है कि बुधवार के करीब चार बजे आरोपी चुपचाप नवजात के वार्ड में पहुंचा और वहां बच्ची का गला दबा दिया। कुछ देर बाद जब अस्पताल कर्मियों ने बच्ची की हालत देखी तो तत्काल डॉक्टरों को बुलाया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

अस्पताल में मचा हड़कंप

जानकारी के मुताबिक नवजात की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल में हड़कंप मच गया। अस्पताल प्रशासन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। घटना के बाद अस्पताल में मौजूद मरीजों और उनके परिजनों में भी भारी आक्रोश और दुख का माहौल देखने को मिला। सूचना मिलने पर चंदवाजी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करने लगी। पुलिस ने अस्पताल के डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और अन्य कर्मचारियों के बयान दर्ज किए हैं। साथ ही अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, जिसमें आरोपी की गतिविधियां दर्ज होने की बात सामने आई है। पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले में हत्या सहित संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।