-
☰
No image found.
उत्तर प्रदेश: गृहकर-जलकर में 250 गुना तक बढ़ोतरी का आरोप, व्यापार मंडल ने दी चरणबद्ध आंदोलन की चेतावनी
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: बस्ती नगर पालिका परिषद बस्ती में गृहकर और जलकर में कथित तौर पर 200 से 250 गुना तक बढ़ोतरी के विरोध में बस्ती उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल ने मोर्चा खोल दिया है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: बस्ती नगर पालिका परिषद बस्ती में गृहकर और जलकर में कथित तौर पर 200 से 250 गुना तक बढ़ोतरी के विरोध में बस्ती उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल ने मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को गांधीनगर स्थित एक होटल में आयोजित प्रेसवार्ता में व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने कर वृद्धि पर सवाल उठाते हुए चरणबद्ध आंदोलन की चेतावनी दी। व्यापार मंडल के चेयरमैन आनंद राजपाल ने आरोप लगाया कि नगरपालिका ने सदन से प्रस्ताव पारित कराए बिना ही कई भवनों का गृहकर 200 से 250 गुना तक बढ़ा दिया है। उनके अनुसार जलकर में भी इसी तरह की वृद्धि की गई है। इस बढ़ोतरी को चुनौती देने वाली याचिका डीएम न्यायालय में विचाराधीन है। आरोप है कि मामले का निस्तारण होने से पहले ही नगरपालिका की ओर से भवन स्वामियों से टैक्स वसूली की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कर निर्धारण से जुड़े मामले में नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी के न्यायालय में उपस्थित न होने के कारण प्रकरण लंबित है। हालांकि, इन आरोपों पर नगरपालिका पक्ष की प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। कुछ भवनों के कर में कमी का भी लगाया आरोप प्रेसवार्ता में व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि कर निर्धारण में समान व्यवस्था नहीं अपनाई गई। उनका दावा है कि जहां आम भवन स्वामियों के कर में भारी वृद्धि की गई है, वहीं कुछ बड़े होटल, प्रशासनिक भवन और अन्य भवनों के कर में मामूली वृद्धि या पूर्व निर्धारित कर से भी कमी दिखाई गई है। व्यापारियों ने इसे लेकर कर निर्धारण प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठाए। व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने स्वकर निर्धारण प्रणाली में भी अनियमितता का आरोप लगाया। उनका कहना है कि कुछ मामलों में भवन स्वामियों के हस्ताक्षर के संबंध में भी सवाल खड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि जब कर निर्धारण प्रक्रिया पर ही आपत्ति है तो बढ़े हुए कर की वसूली को लेकर भी भवन स्वामियों में असमंजस है। ओटीएस शिविरों का विरोध करने का फैसला व्यापार मंडल ने नगरपालिका की ओर से वार्डों में ओटीएस योजना के तहत लगाए जा रहे शिविरों का विरोध करने का निर्णय लिया है। पदाधिकारियों के अनुसार, वे शिविरों में पहुंचकर भवन स्वामियों को मामले की स्थिति से अवगत कराएंगे। व्यापार मंडल का कहना है कि कर निर्धारण का पुन: अवलोकन कर सभी भवन स्वामियों के लिए निश्चित, सर्वमान्य और विधिसम्मत आधार पर कर निर्धारित किया जाना चाहिए। मामला नहीं सुलझा तो हाईकोर्ट जाने की चेतावनी चेयरमैन आनंद राजपाल ने कहा कि व्यापार मंडल कर वृद्धि के मुद्दे को लेकर भवन स्वामियों के साथ खड़ा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कथित मनमानी पर रोक नहीं लगी और समस्या का समाधान नहीं हुआ तो व्यापार मंडल मामले को हाईकोर्ट में चुनौती देगा। उन्होंने कहा कि भवन स्वामियों को राहत दिलाने के लिए संगठन हर स्तर पर संघर्ष करेगा। प्रेसवार्ता में जिलाध्यक्ष सुनील कुमार गुप्ता, सुनील कुमार श्रीवास्तव, सूर्यकुमार शुक्ल, धर्मेंद्र कुमार चौरसिया, आशुतोष पांडेय, प्रभात सोनी और ज्ञानप्रकाश श्रीवास्तव समेत व्यापार मंडल के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
