Contact for Advertisement 9650503773


हरियाणा: अवैध हथियारों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, छह तेजधार हथियारों सहित आरोपी गिरफ्तार

- Photo by : social media

हरियाणा  Published by: Rajput Ranjeet , हरियाणा  Edited By: Yashoda, Date: 16/09/2026 11:08:59 am Share:
  • हरियाणा
  • Published by.: Rajput Ranjeet ,
  • Edited By.: Yashoda,
  • Date:
  • 16/09/2026 11:08:59 am
Share:

संक्षेप

हरियाणा: हिसार अवैध हथियारों और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत हिसार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।

विस्तार

हरियाणा: हिसार अवैध हथियारों और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत हिसार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक सिद्धान्त जैन (IPS) के निर्देश पर 12 क्वार्टर चौकी, HTM पुलिस ने महाबीर कॉलोनी में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को छह तेजधार हथियारों सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान प्रवीन उर्फ घोलू निवासी पीर बाबा वाली गली, महाबीर कॉलोनी के रूप में हुई है।

गुप्त सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई

12 क्वार्टर चौकी प्रभारी एएसआई राकेश कुमार की टीम को सूचना मिली थी कि प्रवीन उर्फ घोलू ने अवैध रूप से तैयार किए गए तेजधार हथियार छिपाकर रखे हुए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। पुलिस को देखकर आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने उसे काबू कर लिया।

मंदिर में बैडशीट के अंदर छिपाए थे हथियार

पुलिस जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी ने हथियार अपने घर के सामने बने मंदिर के अंदर एक बैडशीट में लपेटकर छिपाए हुए थे। स्वतंत्र गवाह की मौजूदगी में बैडशीट खोलकर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान छह खतरनाक तेजधार हथियार बरामद हुए।

बरामद हथियारों में दो लोहे की तेजधार छुरियां, दो बरछे और दो चांदनुमा हथियार शामिल हैं। पुलिस ने सभी हथियारों को कब्जे में लेकर नियमानुसार सील कर दिया है।

आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज

पुलिस ने आरोपी प्रवीन उर्फ घोलू के खिलाफ थाना HTM, हिसार में आर्म्स एक्ट की धारा 25-54-59 के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी के खिलाफ आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हथियार कहां से लाए गए थे और इनका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था।

एसपी ने आमजन से सहयोग की अपील की

एसपी सिद्धान्त जैन ने कहा कि अवैध हथियार रखकर समाज में भय का माहौल पैदा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि यदि किसी व्यक्ति के पास अवैध हथियार होने या किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।