-
☰
No image found.
उत्तर प्रदेश: आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय बढ़कर 12 हजार रुपये, सहायिकाओं को मिलेंगे 6 हजार
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: संतकबीरनगर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: संतकबीरनगर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। अयोध्या के राजकीय इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय 8 हजार रुपये से बढ़ाकर 12 हजार रुपये तथा सहायिकाओं का मानदेय 4 हजार रुपये से बढ़ाकर 6 हजार रुपये प्रतिमाह करने की घोषणा की। इसके साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को साड़ी के लिए डीबीटी के माध्यम से धनराशि उपलब्ध कराने, प्रत्येक आंगनबाड़ी कार्यकत्री को स्मार्ट फोन देने और कैशलेस चिकित्सा सुविधा से जोड़ने की भी घोषणा की गई। मुख्यमंत्री के अयोध्या कार्यक्रम का सजीव प्रसारण संतकबीरनगर के कलेक्ट्रेट सभागार के साथ मेहदावल और धनघटा में आयोजित कार्यक्रमों में किया गया। जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं ने मुख्यमंत्री के संबोधन और घोषणाओं को सुना। मानदेय में वृद्धि की घोषणा से आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं में खुशी का माहौल देखने को मिला। उत्कृष्ट कार्य करने वाली कार्यकत्रियां सम्मानित कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में प्रशासक जिला पंचायत बलिराम यादव, जिलाधिकारी आलोक कुमार और मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी मौजूद रहे। इस दौरान विभागीय योजनाओं के विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। पांच उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को विशेष रूप से प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम में उन बच्चों के अभिभावकों को भी सम्मानित किया गया, जो पहले सैम श्रेणी में थे और बेहतर देखभाल एवं पोषण के बाद सामान्य श्रेणी में आ चुके हैं। संबंधित आंगनबाड़ी केंद्रों की कार्यकत्रियों को भी प्रशस्ति पत्र देकर उनके योगदान को सराहा गया। मातृ-शिशु स्वास्थ्य और पोषण में अहम भूमिका मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण, प्रारंभिक बाल शिक्षा तथा महिला एवं बाल कल्याण से जुड़ी योजनाओं को ग्रामीण स्तर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के योगदान को महत्वपूर्ण बताते हुए उनके हित में विभिन्न सुविधाओं की घोषणा की। अयोध्या में आयोजित मुख्य कार्यक्रम के दौरान विभिन्न जनपदों से चयनित नव नियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए गए। इसके अलावा उत्कृष्ट कार्य करने वाली कार्यकत्रियों, सहायिकाओं, अधीक्षिकाओं और मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी आलोक कुमार ने मानदेय वृद्धि और कैशलेस चिकित्सा सुविधा समेत अन्य घोषणाओं के लिए सरकार का आभार जताया। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा और बेहतर भविष्य के निर्माण में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा और लगन से कार्य करने की अपेक्षा जताई। कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी सतीश चंद्र, सूचना अधिकारी सुरेश कुमार सरोज समेत संबंधित विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां एवं सहायिकाएं मौजूद रहीं।
उत्तर प्रदेश: महराजगंज में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई, 45 टेट्रा पैक में नौ लीटर देशी शराब बरामद
