-
☰
No image found.
उत्तर प्रदेश: मीरगंज में भाखड़ा नदी के कटान का डीएम ने किया निरीक्षण, ओवरहेड टैंक की सुरक्षा के लिए फ्लड फाइटिंग के दिए निर्देश
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: बरेली के मीरगंज तहसील क्षेत्र के पहुंचा बुजुर्ग गांव में भाखड़ा नदी के बढ़ते जलस्तर और कटान से उत्पन्न खतरे को देखते हुए जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: बरेली के मीरगंज तहसील क्षेत्र के पहुंचा बुजुर्ग गांव में भाखड़ा नदी के बढ़ते जलस्तर और कटान से उत्पन्न खतरे को देखते हुए जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। डीएम ने जल जीवन मिशन और बाढ़ खंड के अधिकारियों के साथ ओवरहेड टैंक के पास हो रहे कटान का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डीएम ने बाढ़ खंड के अधिकारियों को ओवरहेड टैंक को सुरक्षित रखने के लिए तत्काल सुरक्षात्मक और कटान निरोधात्मक कार्य कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महत्वपूर्ण परिसंपत्तियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। कटान वाले संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाए और ओवरहेड टैंक की संरचनात्मक सुरक्षा की नियमित निगरानी की जाए। बाढ़ खंड के अधिकारियों ने डीएम को बताया कि फिलहाल नदी में पानी का स्तर अधिक है। ऐसी स्थिति में कटान को रोकने के लिए करीब 200 मीटर क्षेत्र में एक से दो दिन के भीतर फ्लड फाइटिंग का कार्य शुरू किया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि पानी कम होने के बाद क्षेत्र का विस्तृत सर्वे कराया जाएगा और स्थायी कटान निरोधक कार्यों की परियोजना तैयार कर शासन को भेजी जाएगी। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ नदी के जलस्तर और कटान की लगातार निगरानी करें। उन्होंने किसी भी संभावित आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। निरीक्षण के दौरान सीडीओ देवयानी, एसडीएम निधि शुक्ला, सीओ अजय कुमार, तहसीलदार आशीष कुमार सिंह, अधिशासी अभियंता जल निगम ग्रामीण आकांक्षा सिंह, अधिशासी अभियंता बाढ़ खंड नीरज कुमार लांबा, सहायक अभियंता सत्यभान और जेई पंकज कुमार समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
