Contact for Advertisement 9650503773


उत्तर प्रदेश: गोला बाजार में लगा इंडियन मार्क-II हैंडपंप, अब राहगीरों को मिलेगा मुफ्त स्वच्छ पेयजल की सुविधा 

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश  Published by: Irshad ahmad , उत्तर प्रदेश  Edited By: Shubhi Shikha Nayal, Date: 29/07/2026 05:08:05 pm Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by.: Irshad ahmad ,
  • Edited By.: Shubhi Shikha Nayal,
  • Date:
  • 29/07/2026 05:08:05 pm
Share:

संक्षेप

उत्तर प्रदेश: संतकबीरनगर में नगर पालिका परिषद खलीलाबाद ने भीषण गर्मी और उमस के बीच आम नागरिकों को राहत देने के उद्देश्य से गोला बाजार में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। 

विस्तार

उत्तर प्रदेश: संतकबीरनगर में नगर पालिका परिषद खलीलाबाद ने भीषण गर्मी और उमस के बीच आम नागरिकों को राहत देने के उद्देश्य से गोला बाजार में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। नगर पालिका की ओर से स्थापित सरकारी इंडियन मार्क-II हैंडपंप का बुधवार को नगर पालिका अध्यक्ष जगत जायसवाल ने विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने स्वयं हैंडपंप से पानी निकालकर राहगीरों, दुकानदारों, रिक्शा चालकों, ग्राहकों और बाजार में मौजूद लोगों को स्वच्छ पेयजल पिलाया तथा मिठाई खिलाकर इस जनहितकारी पहल की शुरुआत की। गोला बाजार नगर का सबसे व्यस्त और प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र माना जाता है, जहां प्रतिदिन हजारों लोगों की आवाजाही रहती है। दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले ग्राहक, व्यापारी और आम नागरिक खरीदारी के लिए यहां पहुंचते हैं। लंबे समय से इस क्षेत्र में स्वच्छ पेयजल की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण लोगों को प्यास लगने पर इधर-उधर भटकना पड़ता था या फिर बोतलबंद पानी खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ता था। स्थानीय व्यापारियों द्वारा भी कई बार सार्वजनिक पेयजल व्यवस्था की आवश्यकता महसूस की गई थी।

नगर पालिका परिषद ने लोगों की इसी समस्या को देखते हुए गोला बाजार में सरकारी इंडियन मार्क-II हैंडपंप स्थापित कराया है, जिससे अब बाजार आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को निशुल्क स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सकेगा। स्थानीय लोगों का मानना है कि यह सुविधा विशेष रूप से गर्मी के मौसम में राहगीरों, मजदूरों, रिक्शा चालकों और छोटे व्यापारियों के लिए काफी लाभदायक साबित होगी। शुभारंभ के अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष जगत जायसवाल ने कहा कि आम नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर पालिका की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के स्वच्छ पेयजल अभियान के अनुरूप नगर पालिका परिषद लगातार ऐसे कार्य कर रही है, जिससे लोगों को बेहतर नागरिक सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने बताया कि नगर के जिन स्थानों पर पेयजल की आवश्यकता महसूस की जाएगी, वहां भी चरणबद्ध तरीके से ऐसी व्यवस्थाएं विकसित की जाएंगी।

उन्होंने कहा कि नगर पालिका केवल पेयजल व्यवस्था तक ही सीमित नहीं है, बल्कि स्वच्छता, सड़क, प्रकाश व्यवस्था, नालियों के निर्माण, सौंदर्यीकरण और अन्य जनसुविधाओं के विस्तार पर भी निरंतर कार्य किया जा रहा है। नगर को सुविधासंपन्न और स्वच्छ बनाने के लिए विकास कार्यों की गति आगे भी जारी रहेगी। कार्यक्रम के दौरान मौजूद स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने नगर पालिका अध्यक्ष की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि गोला बाजार जैसे व्यस्त क्षेत्र में सार्वजनिक हैंडपंप की स्थापना समय की जरूरत थी। इससे न केवल बाजार आने वाले लोगों को राहत मिलेगी, बल्कि नगर पालिका की जनहित के प्रति संवेदनशील सोच भी सामने आई है। लोगों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में नगर के अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी इसी प्रकार की पेयजल सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे अधिक से अधिक नागरिकों को इसका लाभ मिल सके।