Contact for Advertisement 9650503773


उत्तर प्रदेश: परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई, 13 वाहन किए सीज

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश  Published by: Amar Deep , उत्तर प्रदेश  Edited By: Kunal, Date: 24/06/2026 03:20:50 pm Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by.: Amar Deep ,
  • Edited By.: Kunal,
  • Date:
  • 24/06/2026 03:20:50 pm
Share:

संक्षेप

उत्तर प्रदेश: फर्रुखाबाद में सड़क सुरक्षा को पुख्ता करने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नकेल कसने के लिए फर्रुखाबाद प्रशासन ने कमर कस ली है।

विस्तार

उत्तर प्रदेश: फर्रुखाबाद में सड़क सुरक्षा को पुख्ता करने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नकेल कसने के लिए फर्रुखाबाद प्रशासन ने कमर कस ली है। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के निर्देश पर जिले में एक विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। एआरटीओ प्रवर्तन सुभाष राजपूत और यातायात प्रभारी सतेंद्र कुमार के नेतृत्व में चली इस कार्रवाई के तहत ओवरलोड वाहनों, डग्गामार बसों और नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई की गई है।

अवैध रूप से चल रही डग्गामार बस और ओवरलोड ट्रक सीज

मंगलवार को चलाए गए इस विशेष अभियान के दौरान दो ओवरलोड ट्रकों को मौके पर ही सीज कर दिया गया और उन पर कुल 52 हजार रुपये का भारी जुर्माना लगाया गया। इसके अलावा, जयपुर से शाहजहांपुर और बरेली के रूट पर अवैध रूप से यात्रियों को ले जा रही एक डग्गामार बस को भी जब्त (सीज) किया गया, जिस पर 31 हजार रुपये का जुर्माना ठोंका गया है।

बिना नंबर प्लेट और रिफ्लेक्टिव टेप वाले वाहनों पर गिरी गाज

चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट, मानक के विपरीत या धुंधली नंबर प्लेट वाले कुल 26 वाहनों के चालान काटे गए, जिनमें से 13 वाहनों को सीज कर दिया गया। इसके साथ ही, रात के समय होने वाले हादसों को रोकने के लिए रिफ्लेक्टिव टेप न लगाने वाले वाहनों पर भी सख्त रुख अपनाया गया। बिना रिफ्लेक्टिव टेप के चल रहे 7 वाहनों को सीज किया गया और उन्हें तभी छोड़ा गया जब उन्होंने नियमानुसार टेप लगवा लिया। इस पूरे अभियान के दौरान परिवहन विभाग ने कुल 2.95 लाख रुपये का शमन शुल्क वसूला है।

क्या हैं रिफ्लेक्टिव टेप के नियम?

प्रशासन ने वाहन स्वामियों से अपील की है कि वे दुर्घटनाओं से बचने के लिए मानकों के अनुसार टेप जरूर लगवाएं। नियमों के मुताबिक, वाहनों के आगे सफेद, किनारों पर पीले और पीछे लाल रंग का रिफ्लेक्टिव टेप लगाना अनिवार्य है। ऐसा न करने पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जा सकता है और वाहन की फिटनेस भी जारी नहीं की जाएगी।

प्रदर्शन में उत्तर प्रदेश में तीसरे स्थान पर रहा फर्रुखाबाद

इस बेहतरीन परफॉर्मेंस के बूते प्रवर्तन दल फर्रुखाबाद ने पूरे उत्तर प्रदेश में तीसरा स्थान हासिल किया है। टीम ने अपने मासिक लक्ष्यों को काफी पीछे छोड़ते हुए शानदार रिकॉर्ड बनाया है। वाहन चालान, 300 के मासिक लक्ष्य के मुकाबले 858 वाहनों का चालान किया 286% उपलब्धि। वाहन सीज, 150 के लक्ष्य के मुकाबले 177 वाहनों को सीज किया 118% उपलब्धि। राजस्व वसूली शमन शुल्क, 36 लाख रुपये के लक्ष्य के सापेक्ष 46.71 लाख रुपये की वसूली की गई, जो कि कुल लक्ष्य का 129.75% है।