-
☰
No image found.
उत्तर प्रदेश: एसडीएम-सीओ और फायर ब्रिगेड ने संभाला मोर्चा, आश्वासन के बाद सुरक्षित नीचे उतरा प्रभुनाथ
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: संतकबीरनगर खलीलाबाद में सोमवार सुबह अपनी मांगों और शिकायतों को लेकर एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। सुबह करीब छह बजे टावर पर चढ़े प्रभुनाथ को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए पुलिस-प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीम को करीब पांच घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी
विस्तार
उत्तर प्रदेश: संतकबीरनगर खलीलाबाद में सोमवार सुबह अपनी मांगों और शिकायतों को लेकर एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। सुबह करीब छह बजे टावर पर चढ़े प्रभुनाथ को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए पुलिस-प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीम को करीब पांच घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी। अधिकारियों के समझाने और शिकायतों के नियमानुसार समाधान का आश्वासन देने के बाद युवक नीचे उतर आया। मामला खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र में नगर पालिका परिसर के पास स्थित मोबाइल टावर का है। स्थानीय लोगों ने टावर पर एक व्यक्ति को चढ़ा देखा तो पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही खलीलाबाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए। पुराने विवाद को लेकर लगाए आरोप प्रभुनाथ के मुताबिक, कुछ समय पहले उसका एक युवती से प्रेम-प्रसंग था। उसके अनुसार, युवती उसके साथ मुंबई चली गई थी। बाद में दोनों को घर बुलाया गया और मामले में सुलह-समझौता कराया गया। इसके बाद वह रोजी-रोटी के लिए दोबारा मुंबई चला गया। प्रभुनाथ का आरोप है कि पुराने मामले को लेकर युवती के पक्ष के लोगों ने उसके परिवार को परेशान किया और मारपीट की। करीब दो वर्ष बाद वापस लौटने पर उसके साथ भी मारपीट और धमकी देने का आरोप लगाया। बेलहर पुलिस पर भी लगाए आरोप प्रभुनाथ ने बताया कि मामले को लेकर वह बेलहर थाना पुलिस के पास भी गया था। उसका आरोप है कि वहां भी उसे और उसके परिवार को परेशान किया गया। इन परिस्थितियों के कारण वह तनाव में आ गया। हालांकि, युवक की ओर से लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी। दो दिन पहले भी टावर पर चढ़ने की बात बताया जा रहा है कि करीब दो दिन पहले भी प्रभुनाथ टावर पर चढ़ गया था। इसके बाद सोमवार को उसने दोबारा नगर पालिका परिसर के पास स्थित मोबाइल टावर पर चढ़कर अपनी मांगों को पूरा कराने की बात कही। अधिकारियों ने समझाकर नीचे उतारा घटना की सूचना पर सदर एसडीएम, क्षेत्राधिकारी और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने प्रभुनाथ से लगातार बातचीत की और उसकी शिकायतों को सुनकर नियमानुसार समाधान का भरोसा दिलाया। क्षेत्राधिकारी ने उसे सुरक्षित नीचे उतरने की अपील की। करीब पांच घंटे तक चले मान-मनौव्वल के बाद प्रभुनाथ नीचे उतर आया। इसके बाद अधिकारियों ने उससे बातचीत कर पूरे मामले की जानकारी ली। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। युवक की ओर से लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है। जांच के बाद ही पूरे प्रकरण की वास्तविक स्थिति सामने आएगी।
