-
☰
No image found.
उत्तर प्रदेश: मतदाता सूची पुनरीक्षण के लिए विशेष अभियान, 28 और 29 नवंबर को भी लगेंगे विशेष शिविर
- Photo by : SOCIAL MEDIA
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: भारत निर्वाचन आयोग द्वारा दिए गए निर्देशों के क्रम में अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद में आज विशेष अभियान दिवस का आयोजन हुआ।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: भारत निर्वाचन आयोग द्वारा दिए गए निर्देशों के क्रम में अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद में आज विशेष अभियान दिवस का आयोजन हुआ। इस विशेष अभियान के दौरान जनपद के समस्त मतदेय स्थलों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने-अपने मतदेय स्थलों पर दिनांक 17 नवंबर 2026 को आलेख्य प्रकाशित मतदाता सूची एवं पर्याप्त संख्या में फार्म-6, 7 एवं 8 के साथ उपस्थित रहें। मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क भी स्थापित की गई है, जिसके माध्यम से मतदाताओं को फार्म भरने में सहायता प्रदान की गई। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी अनुपम शुक्ला ने समस्त नागरिकों से अपील की है कि इन विशेष तिथियों पर वे अपने संबंधित बूथ पर उपस्थित होकर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज होने की पुष्टि अवश्य कर लें। यदि किसी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है और वह 01 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहा है अथवा कर चुका है, तो वह संबंधित मतदेय स्थल पर उपस्थित होकर फार्म-6 भरते हुए आवश्यक दस्तावेजों के साथ बीएलओ अथवा पदाभिहित अधिकारी के पास जमा कर सकता है। इसके अतिरिक्त मतदाता सूची में निवास स्थान के स्थानांतरण, प्रविष्टियों में सुधार एवं एपिक (EPIC ) कार्ड के प्रतिस्थापन के लिए फार्म-8 तथा मृतक, शिफ्टेड अथवा डुप्लीकेट मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटवाने के लिए फार्म-7 भरकर संबंधित मतदेय स्थल पर तैनात बूथ लेवल अधिकारी अथवा पदाभिहित अधिकारी के पास जमा किया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि 01 अप्रैल, 01 जुलाई एवं 01 अक्टूबर 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले पात्र युवा नागरिक भी अग्रिम रूप से फार्म-6 भरकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ संबंधित बीएलओ अथवा पदाभिहित अधिकारी के पास जमा कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त भारत निर्वाचन आयोग के ECINET मोबाइल ऐप एवं आधिकारिक वेबसाइट https://voters.eci.gov.in के माध्यम से भी फार्म-6, 7 एवं 8 ऑनलाइन भरकर आवेदन किया जा सकता है। इसी क्रम में आगामी 28 नवंबर 2026 (शनिवार) एवं 29 नवंबर 2026 (रविवार) को भी विशेष अभियान दिवस आयोजित किया जाएगा। उन्होंने जनपद के समस्त नागरिकों से अपील की कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य सुनिश्चित कराएं तथा पात्र परिवारजनों एवं युवाओं को भी मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित करें।
