-
☰
No image found.
उत्तर प्रदेश: प्रयागराज में हवाई हमले से बचाव के लिए ब्लैकआउट मॉक ड्रिल, सायरन बजते ही कराया गया ब्लैकआउट
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: शासन के निर्देशों के क्रम में रविवार को नागरिक सुरक्षा विभाग, प्रयागराज के तत्वावधान में बिशप जॉनसंस कॉलेज, कचहरी चौराहा में हवाई हमले से बचाव एवं आपातकालीन
विस्तार
उत्तर प्रदेश: शासन के निर्देशों के क्रम में रविवार को नागरिक सुरक्षा विभाग, प्रयागराज के तत्वावधान में बिशप जॉनसंस कॉलेज, कचहरी चौराहा में हवाई हमले से बचाव एवं आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए ब्लैकआउट मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। मॉक ड्रिल के दौरान हवाई हमले की काल्पनिक सूचना प्राप्त होने पर सायरन के माध्यम से खतरे का संकेत दिया गया तथा विद्युत आपूर्ति बाधित कर पूरे क्षेत्र में ब्लैकआउट कराया गया। नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने तथा हवाई हमले के दौरान अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। हमले की समाप्ति पर सायरन के माध्यम से सुरक्षित होने का संकेत दिया गया। मॉक ड्रिल में विभिन्न विभागों ने किया राहत एवं बचाव कार्यों का प्रदर्शन।* नागरिक सुरक्षा की फायर टीम द्वारा अग्नि बम एवं पेट्रोल से लगी आग को नियंत्रित करने का प्रदर्शन किया गया। अग्निशमन विभाग की टीम ने विभिन्न स्थानों पर लगी आग को फायर टेंडर एवं दोपहिया अग्निशमन दस्ते की सहायता से बुझाया। नागरिक सुरक्षा की फर्स्ट एड टीम ने घायलों को प्राथमिक उपचार, पट्टी एवं स्प्लिंट लगाकर सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने का अभ्यास किया। फायरमैन लिफ्ट, टू हैंड सीट, थ्री हैंड सीट, फोर हैंड सीट एवं स्ट्रेचर ड्रिल के माध्यम से घायलों को निकालने का प्रदर्शन किया गया। एसडीआरएफ की टीम ने बहुमंजिला भवन में फंसे लोगों को रस्सी के माध्यम से सुरक्षित बाहर निकालने का रेस्क्यू ऑपरेशन किया। एनसीसी कैडेट्स एवं नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों ने राहत एवं बचाव कार्यों में सक्रिय सहभागिता की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस आयुक्त श्री पीयूष मोर्डिया एवं अध्यक्षता कर रहे जिलाधिकारी/नियंत्रक नागरिक सुरक्षा श्री मनीष कुमार वर्मा ने मॉक ड्रिल का अवलोकन किया तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय, त्वरित प्रतिक्रिया एवं आपदा प्रबंधन की तैयारियों की सराहना की। इस अवसर पर माननीय महापौर श्री उमेश चंद्र गणेश केसरवानी एवं माननीय विधायक शहर उत्तरी श्री हर्षवर्धन बाजपेई भी उपस्थित रहे। महापौर जी ने नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों के समर्पण एवं सेवाभाव की प्रशंसा करते हुए आमजन को आपदा प्रबंधन एवं नागरिक सुरक्षा का प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। वहीं पुलिस आयुक्त ने विभिन्न विभागों एवं स्वयंसेवकों के आपसी समन्वय की सराहना करते हुए इस प्रकार के अभ्यासों को आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। जिलाधिकारी/नियंत्रक नागरिक सुरक्षा श्री मनीष कुमार वर्मा ने नागरिक सुरक्षा के स्वयंसेवकों के समर्पण एवं समाजसेवा की भावना की प्रशंसा करते हुए अधिक से अधिक नागरिकों से नागरिक सुरक्षा संगठन से जुड़ने एवं आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण प्राप्त करने की अपील की। कार्यक्रम के समापन पर अतिथियों द्वारा प्रतिभागियों को प्रशिक्षण प्रमाण पत्र प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया। इस अवसर पर पुलिस उपायुक्त (नगर) श्री सागर जैन, मुख्य अग्निशमन अधिकारी श्री चंद्र मोहन शर्मा, उप नियंत्रक नागरिक सुरक्षा श्री नीरज मिश्रा, चीफ वार्डन श्री अनिल कुमार सहित पुलिस, अग्निशमन, एसडीआरएफ, स्वास्थ्य विभाग, एनसीसी एवं नागरिक सुरक्षा विभाग के अधिकारी, स्वयंसेवक तथा बड़ी संख्या में प्रतिभागी एवं दर्शक उपस्थित रहे।
उत्तर प्रदेश: स्वास्थ्य के बिना धन-दौलत का आनंद अधूरा, सेहत को भी दें प्राथमिकता: सुमित सोनी
