Contact for Advertisement 9650503773


हरियाणा: फतेहाबाद पुलिस का ‘ऑपरेशन जीवन ज्योति’ अभियान, लोगों को किया नशे के खिलाफ जागरूक

- Photo by : social media

हरियाणा  Published by: Rajput Ranjeet , हरियाणा  Edited By: Yashoda, Date: 22/08/2026 11:06:12 am Share:
  • हरियाणा
  • Published by.: Rajput Ranjeet ,
  • Edited By.: Yashoda,
  • Date:
  • 22/08/2026 11:06:12 am
Share:

संक्षेप

हरियाणा: फतेहाबाद जिले को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से फतेहाबाद पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन जीवन ज्योति” के तहत नशा मुक्ति टीम द्वारा गांव-गांव पहुंचकर नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाने के साथ-साथ नशा पीड़ितों को उपचार के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

विस्तार

हरियाणा: फतेहाबाद जिले को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से फतेहाबाद पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन जीवन ज्योति” के तहत नशा मुक्ति टीम द्वारा गांव-गांव पहुंचकर नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाने के साथ-साथ नशा पीड़ितों को उपचार के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसी कड़ी में उपनिरीक्षक सुंदर लाल के नेतृत्व में नशा मुक्ति टीम फतेहाबाद ने गांव हड़ोली में आयोजित होने वाले नशा मुक्ति शिविर की तैयारियों को अंतिम रूप देते हुए व्यापक जागरूकता अभियान चलाया। टीम ने गांव के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में पहुंचकर विद्यार्थियों को नशे के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। विद्यार्थियों को बताया गया कि नशा व्यक्ति के साथ-साथ पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। उन्हें आगामी नशा मुक्ति शिविर के बारे में जानकारी देते हुए यह संदेश अपने माता-पिता, परिजनों एवं आसपास के लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया। टीम ने गांव की गलियों व चौराहों पर मिले ग्रामीणों को भी शिविर की जानकारी दी तथा नशा पीड़ित व्यक्तियों को शिविर में पहुंचकर उपचार एवं परामर्श का लाभ लेने के लिए प्रोत्साहित किया।

वहीं सहायक उपनिरीक्षक सज्जन कुमार के नेतृत्व में नशा मुक्ति अभियान की टोहाना टीम ने गांव गुलरवाला के स्कूल में विद्यार्थियों को नशे की समस्या एवं उससे बचाव के प्रति जागरूक किया। गांव में उपस्थित जनसमूह को भी अपने घर-परिवार और युवाओं को नशे से सुरक्षित रखने के लिए सजग रहने का संदेश दिया गया। इसके अतिरिक्त टीम ने गांव मेयोद खुर्द में नशा पीड़ितों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उन्हें नशा छोड़ने एवं नियमित उपचार जारी रखने के लिए प्रेरित किया। गांव शक्करपुरा में भी नशा पीड़ित व्यक्तियों की पहचान कर उनकी काउंसलिंग की गई तथा उन्हें नशे से मुक्ति के लिए उपचार शुरू करवाने के लिए समझाया गया। फतेहाबाद पुलिस ने आमजन से आह्वान किया है कि नशे की गिरफ्त में आए व्यक्तियों को छिपाने की बजाय उन्हें उपचार के लिए आगे लाएं और जिले को नशामुक्त बनाने के इस अभियान में सक्रिय सहयोग करें।


Featured News