-
☰
No image found.
मध्य प्रदेश: जन समस्याओं को लेकर कांग्रेस ने इंदरगढ़ नगर परिषद का किया घेराव, विधायक घनश्याम सिंह ने दी आंदोलन की चेतावनी
- Photo by : social media
संक्षेप
मध्य प्रदेश: इंदरगढ़ नगर की विभिन्न जन समस्याओं को लेकर कांग्रेस ने सोमवार को नगर परिषद का घेराव कर धरना-प्रदर्शन किया।
विस्तार
मध्य प्रदेश: इंदरगढ़ नगर की विभिन्न जन समस्याओं को लेकर कांग्रेस ने सोमवार को नगर परिषद का घेराव कर धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान जलभराव, गंदगी, ट्रैफिक जाम, मुख्य मार्ग के चौड़ीकरण और बाईपास निर्माण जैसे मुद्दे उठाए गए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दतिया विधायक घनश्याम सिंह ने कहा कि इंदरगढ़ नगर परिषद के सीएमओ और अध्यक्ष को जनता की समस्याओं को सुनकर उनका समाधान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि इंदरगढ़ में जलभराव और गंदगी बड़ी समस्याएं हैं और इनका जल्द समाधान होना जरूरी है। विधायक ने नगर परिषद पर कमीशनखोरी और भ्रष्टाचार के आरोप भी लगाए। उन्होंने कहा कि यदि जनता की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो कांग्रेस नगर परिषद के खिलाफ और बड़ा आंदोलन करेगी। घनश्याम सिंह ने इंदरगढ़ में मुख्य सड़क के चौड़ीकरण और बाईपास निर्माण की मांग भी उठाई। उन्होंने कहा कि इंदरगढ़ तेजी से बढ़ता शहर है और बढ़ती आबादी के कारण यातायात का दबाव लगातार बढ़ रहा है। उनके मुताबिक, बाईपास के अभाव में शहर में जाम की समस्या गंभीर होती जा रही है। विधायक ने कहा कि उन्होंने पहले भी इंदरगढ़ बाईपास की मांग को लेकर आंदोलन किया था और सरकार पर दबाव बनाया था। उन्होंने स्थानीय विधायक प्रदीप अग्रवाल से भी बाईपास और मुख्य मार्ग के चौड़ीकरण के लिए ठोस पहल करने की मांग की। कार्यक्रम का आयोजन नगर कांग्रेस कमेटी इंदरगढ़ के अध्यक्ष शिवेंद्र प्रताप सिंह राठौड़ द्वारा किया गया। धरना-प्रदर्शन में पूर्व विधायक राधेलाल बघेल, पूर्व जनपद अध्यक्ष अशोक दांगी, नगर कांग्रेस अध्यक्ष शिवेंद्र प्रताप सिंह राठौड़, पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष कोक सिंह पटेल, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष ऋषभ राजा गुर्जर, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सेंवढ़ा देशराज कुशवाहा सहित कांग्रेस के कई नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नगर परिषद सीएमओ, नगर परिषद अध्यक्ष और भाजपा के खिलाफ नारेबाजी की। कार्यक्रम के अंत में प्रशासन के नाम ज्ञापन सौंपकर नगर की समस्याओं के जल्द समाधान की मांग की गई।
