-
☰
No image found.
मध्य प्रदेश: शांति और समृद्धि की कामना के साथ एसपी ने टेका माथा, नागाजी धाम में लगाई मन्नत की अर्जी
- Photo by : SOCIAL MEDIA
संक्षेप
मध्य प्रदेश: मुरैना जिले में सुख, शांति, समृद्धि एवं जनकल्याण की मंगलकामना को लेकर पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा ने पोरसा स्थित प्राचीन एवं आस्था के प्रमुख केंद्र श्री नागाजी महाराज मंदिर में दर्शन-पूजन कर मन्नत की अर्जी लगाई।
विस्तार
मध्य प्रदेश: मुरैना जिले में सुख, शांति, समृद्धि एवं जनकल्याण की मंगलकामना को लेकर पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा ने पोरसा स्थित प्राचीन एवं आस्था के प्रमुख केंद्र श्री नागाजी महाराज मंदिर में दर्शन-पूजन कर मन्नत की अर्जी लगाई। इस अवसर पर उन्होंने मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की तथा आरती में शामिल होकर जिलेवासियों के सुखद एवं सुरक्षित जीवन की प्रार्थना की। पुलिस अधीक्षक के साथ एसडीओपी अंबाह रवि प्रकाश सिंह भदौरिया, नगर निरीक्षक दिनेश सिंह कुशवाहा, पुलिस स्टाफ तथा क्षेत्र के अनेक समाजसेवी उपस्थित रहे। मंदिर परिसर में समाजसेवियों ने पुलिस अधीक्षक को श्री नागाजी महाराज के तप, त्याग और लोककल्याणकारी जीवन के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि श्री नागाजी महाराज इस क्षेत्र के अत्यंत पूजनीय संत माने जाते हैं। जनश्रुति के अनुसार उन्होंने वर्षों तक कठोर तपस्या कर समाज को सेवा, सद्भाव और मानव कल्याण का संदेश दिया। उनके तप से यह धाम आज भी लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने श्री नागाजी महाराज द्वारा निर्मित पवित्र श्री नागाजी सरोवर के दर्शन किए तथा तपस्या स्थल के रूप में प्रसिद्ध गुफा का भी अवलोकन किया। उन्हें उस पावन नीम वृक्ष के भी दर्शन कराए गए, जिसके बारे में श्रद्धालुओं की मान्यता है कि वह श्री नागाजी महाराज के करकमलों से रोपा गया था और आरोग्यता एवं सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक माना जाता है। प्रतिवर्ष यहां दूर-दूर से श्रद्धालु अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति एवं स्वास्थ्य लाभ की कामना लेकर पहुंचते हैं। पूजा-अर्चना के उपरांत मंदिर के महामंडलेश्वर महंत राम लखन दास महाराज ने पुलिस अधीक्षक को आशीर्वाद प्रदान किया। वहीं करौली वाली माता मंदिर के पुजारी रामदास श्रोत्रिय महाराज ने भगवान का पटका पहनाकर पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी का सम्मान किया। इस अवसर पर भाजपा के पूर्व नगर मंडल अध्यक्ष अरुण कुमार गुप्ता अन्नू समाजसेवी राधाकृष्ण गुप्ता, पुजारी संजू दास महाराज सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। मंदिर परिसर का आध्यात्मिक वातावरण, वैदिक मंत्रोच्चार और आरती के बीच पुलिस अधीक्षक ने जिले में शांति, कानून व्यवस्था की मजबूती तथा नागरिकों के सुख-समृद्ध जीवन की कामना करते हुए श्री नागाजी महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया।
