-
☰
No image found.
ओडिशा: पंडित अनंत मिश्र की 143वीं जयंती मनाई गई, साहित्यकारों और कवियों ने दी श्रद्धांजलि
- Photo by : social media
संक्षेप
ओडिशा: सत्यवादी स्थित ओडिआ विश्वविद्यालय, साक्षीगोपाल में 10 नवंबर को समाज सुधारक एवं ओडिआ भाषा आंदोलन के प्रमुख प्रचारक पंडित अनंत मिश्र की 143वीं जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई।
विस्तार
ओडिशा: सत्यवादी स्थित ओडिआ विश्वविद्यालय, साक्षीगोपाल में 10 नवंबर को समाज सुधारक एवं ओडिआ भाषा आंदोलन के प्रमुख प्रचारक पंडित अनंत मिश्र की 143वीं जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन प्रचारक अनंत मिश्र स्मृति परिषद, ओडिशा, सत्यवादी की ओर से किया गया। समारोह दो चरणों में संपन्न हुआ, जिसमें साहित्यकारों, शिक्षाविदों, जनप्रतिनिधियों और कवियों ने भाग लेकर उनके सामाजिक एवं साहित्यिक योगदान को याद किया। कार्यक्रम के प्रथम सत्र का उद्घाटन विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर डॉ. सत्यनारायण आचार्य ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान ओडिआ साहित्य अकादमी पुरस्कार प्राप्त लेखक प्रोफेसर डॉ. उदयनाथ साहू मुख्य अतिथि और वरिष्ठ भंज साहित्य समीक्षक डॉ. अभिमन्यु बराल मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। शिक्षाविद डॉ. बलराम दास और काह्नुचरण प्रधान को सम्मानित अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया। साहित्यकार पंडित सदाशिव मिश्र ने वैदिक मंत्रोच्चार किया, जबकि विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। परिषद की कार्यकारी अध्यक्ष नवघन शतपथी ने समारोह की अध्यक्षता की। इस अवसर पर आयोजित कविता पाठोत्सव में लगभग 50 कवि-कवयित्रियों ने अपनी स्वरचित रचनाओं के माध्यम से पंडित अनंत मिश्र को याद किया। कवयित्री विशाखा देवी और मिनती रथ ने इसका संयोजन किया। इसमें उनके पौत्र एवं कवि रंजन मिश्र के साथ फुलराणी पाल, दिगंबर रथ, प्रभाकर जेना, स्वर्णलता साहू, जितेंद्र पंडा, अजय कुमार नाथ, हृषीकेश पाढ़ी, संपूर्णानंद मिश्र, वंदना महापात्र, निरंजन सामंतराय और अन्य रचनाकारों ने काव्य पाठ किया। कार्यक्रम का संचालन उत्कल सम्मेलन की पुरी जिला अध्यक्ष एवं साहित्यकार भीमसेन महापात्र ने किया। समारोह के दूसरे सत्र का शुभारंभ सत्यवादी विधायक एवं पुरी जिला प्लानिंग बोर्ड के अध्यक्ष ओमप्रकाश मिश्र ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस सत्र में माध्यमिक शिक्षा परिषद के सेवानिवृत्त अध्यक्ष डॉ. धरणीधर नाथ मुख्य वक्ता तथा विश्वविद्यालय की प्रोफेसर डॉ. वासंती महांति सम्मानित वक्ता के रूप में शामिल हुईं। परिषद के अध्यक्ष डॉ. हेमंत कुमार छोटराय ने अध्यक्षता की। विधायक ओमप्रकाश मिश्र ने अपने संबोधन में कहा कि पंडित अनंत मिश्र सत्यवादी युग के प्रमुख निर्माताओं में शामिल थे। उन्होंने ओडिआ भाषा के संरक्षण और उसके अधिकारों की लड़ाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके अलावा सत्यवादी वन विद्यालय सहित राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में शिक्षण संस्थानों की स्थापना तथा ओडिशा को स्वतंत्र प्रांत के रूप में पहचान दिलाने में भी उनका योगदान रहा। उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन में भाग लिया और इसके लिए जेल की सजा भी भुगती। विधायक ने लोगों से उनके आदर्शों और विचारों को अपनाने की अपील की। समारोह में सामाजिक एवं साहित्यिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लेखक, कवि, गायक, कथाकार और कलाकार उदयनाथ साहू, सत्यनारायण आचार्य, दुखीराम त्रिपाठी, गोविंद चंद्र चांद, चौधुरी वरदाप्रसन्न दास, रवींद्र राउत और निर्मला फतेसिंह को प्रशस्ति पत्र, पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। दूसरे सत्र का संयोजन कवि विजय कुमार परिडा ने किया, जबकि मनोरंजन मिश्र ने उपस्थित अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार जताया। कार्यक्रम के समापन पर भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
