Contact for Advertisement 9650503773


उत्तर प्रदेश: अस्पताल में 48 नए बेड जोड़े गए, अब कुल 140 बेड उपलब्ध

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश  Published by: Radha Krashna , उत्तर प्रदेश  Edited By: Shubhi Shikha Nayal, Date: 27/06/2026 05:34:27 pm Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by.: Radha Krashna ,
  • Edited By.: Shubhi Shikha Nayal,
  • Date:
  • 27/06/2026 05:34:27 pm
Share:

संक्षेप

उत्तर प्रदेश: हमीरपुर के जनपदवासियों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में जिलाधिकारी श्री अभिषेक गोयल के निर्देशों का प्रभावी अनुपालन करते हुए जिला अस्पताल, हमीरपुर में तृतीय तल पर 48 अतिरिक्त बेडों का आधुनिक वार्ड तैयार कर संचालित कर दिया गया है।

विस्तार

उत्तर प्रदेश: हमीरपुर के जनपदवासियों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में जिलाधिकारी श्री अभिषेक गोयल के निर्देशों का प्रभावी अनुपालन करते हुए जिला अस्पताल, हमीरपुर में तृतीय तल पर 48 अतिरिक्त बेडों का आधुनिक वार्ड तैयार कर संचालित कर दिया गया है। इससे भविष्य में मरीजों को बेड की कमी का सामना नहीं करना पड़ेगा तथा आकस्मिक परिस्थितियों में भी उपचार व्यवस्था अधिक सुदृढ़ एवं सुचारु रूप से संचालित की जा सकेगी। उल्लेखनीय है कि गत मई माह में जिलाधिकारी श्री अभिषेक गोयल ने जिला अस्पताल का विस्तृत निरीक्षण कर पुरुष एवं महिला वार्डों सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया था। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में बढ़ती मरीजों की संख्या एवं बेडों की उपलब्धता को देखते हुए मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आर. एस. प्रजापति को अतिरिक्त वार्ड तैयार कर बेडों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए थे।

जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए अस्पताल की तृतीय मंजिल पर 48 नए बेडों वाला अतिरिक्त वार्ड तैयार कराया गया है। वार्ड में बेडों के साथ पंखे, परदे तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कर दी गई है, जिससे आवश्यकता पड़ने पर मरीजों को तत्काल यहां भर्ती किया जा सके। जिलाधिकारी द्वारा कराए गए कार्यों के सत्यापन हेतु जिला सूचना अधिकारी को निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में आज जिला सूचना अधिकारी श्री सतीश कुमार द्वारा मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आर. एस. प्रजापति एवं चीफ फार्मासिस्ट श्री डी. सी. सचान के साथ अतिरिक्त वार्ड का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त वार्ड पूर्ण रूप से तैयार पाया गया। तीमारदारों एवं मरीजों के सुगम आवागमन हेतु लिफ्ट का संचालन प्रारंभ कर दिया गया है। वेटिंग हॉल को भी व्यवस्थित एवं उपयोग के लिए तैयार कर दिया गया है। नर्सिंग स्टेशन को सुव्यवस्थित किया गया है तथा पूरे वार्ड परिसर में साफ-सफाई सुनिश्चित कराई गई है। वार्ड में उपयोग किए जाने वाले आवश्यक उपकरणों एवं सामग्री की लाइन लिस्टिंग भी तैयार कर ली गई है। इसके अतिरिक्त परदे, लाइटिंग रॉड, पंखे, विद्युत व्यवस्थाएं तथा अन्य आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित कर दी गई है। साथ ही बैक-नर्सिंग/सपोर्ट एरिया (बैक सेक्शन) को भी पूर्ण रूप से तैयार कर दिया गया है, जिससे आवश्यकता पड़ने पर वार्ड का तत्काल संचालन किया जा सके।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आर. एस. प्रजापति ने बताया कि उत्तर प्रदेश शासन द्वारा जिला अस्पताल के लिए 68 बेड स्वीकृत हैं, जबकि मरीजों की बढ़ती आवश्यकता को देखते हुए पहले से ही 92 बेड संचालित किए जा रहे थे। अब जिलाधिकारी के निर्देशानुसार 48 अतिरिक्त बेड तैयार किए जाने के बाद जिला अस्पताल में कुल 140 बेड उपलब्ध हो गए हैं। इससे जनपदवासियों को विशेषकर आकस्मिक परिस्थितियों में बेहतर एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी तथा बेड की कमी जैसी स्थिति उत्पन्न नहीं होगी।

उन्होंने यह भी बताया कि अस्पताल में आवश्यक स्टाफ की कुछ कमी है, जिसकी पूर्ति एवं तैनाती की प्रक्रिया तेजी से की जा रही है, ताकि सभी वार्डों का सुचारु संचालन सुनिश्चित हो सके तथा जिलाधिकारी के निर्देशों का पूर्ण अनुपालन करते हुए जनपदवासियों को उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपदवासियों को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं।