Contact for Advertisement 9650503773


उत्तर प्रदेश: डीएम-एसएसपी ने शांति व्यवस्था पर दिए निर्देश, मोहर्रम जुलूस तय रूट से ही निकलेंगे

- Photo by : SOCIAL MEDIA

उत्तर प्रदेश  Published by: Chhatra Pal , उत्तर प्रदेश  Edited By: Shubhi Shikha Nayal, Date: 27/06/2026 01:46:46 pm Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by.: Chhatra Pal ,
  • Edited By.: Shubhi Shikha Nayal,
  • Date:
  • 27/06/2026 01:46:46 pm
Share:

संक्षेप

उत्तर प्रदेश: आज दिनाँक 26/06/2026 को जिलाधिकारी बदायूँ अवनीश राय एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूँ सुश्री अंकिता शर्मा द्वारा पुलिस लाइन बदायूँ में आगामी मोहर्रम पर्व को सकुशल,शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गयी।

विस्तार

उत्तर प्रदेश: आज दिनाँक 26/06/2026 को जिलाधिकारी बदायूँ अवनीश राय एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूँ सुश्री अंकिता शर्मा द्वारा पुलिस लाइन बदायूँ में आगामी मोहर्रम पर्व को सकुशल,शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गयी। बैठक में जनपद के धर्मगुरुओं, ताजियादारों, गणमान्य नागरिकों, संभ्रान्त व्यक्तियों एवं जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता की। बैठक के दौरान उपस्थित लोगों से संवाद स्थापित करते हुए मोहर्रम पर्व को पारंपरिक भाईचारे,आपसी सौहार्द एवं कानून व्यवस्था का पूर्ण पालन करते हुए मनाने की अपील की गई। पुलिस एवं प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया कि सभी ताजिया एवं जुलूस पूर्व निर्धारित एवं स्वीकृत मार्गों से ही निकाले जाएंगे तथा निर्धारित समयावधि के भीतर संपन्न किए जाएंगे। किसी भी प्रकार की नई परंपरा अथवा मार्ग परिवर्तन की अनुमति नहीं होगी।

ताजिया एवं अलम की ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने के निर्देश दिए गए ताकि विद्युत लाइनों एवं अन्य संरचनाओं से किसी प्रकार की दुर्घटना की संभावना न रहे । साथ ही आयोजकों से जुलूस के दौरान सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने का अनुरोध किया गया। बैठक में सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग पर विशेष बल दिया गया । सभी नागरिकों से अपील की गई कि किसी भी प्रकार की भ्रामक, आपत्तिजनक अथवा अफवाह फैलाने वाली पोस्ट, फोटो, वीडियो अथवा संदेश को साझा न करें। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पुलिस की सतत निगरानी रहेगी तथा अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस एवं प्रशासन द्वारा अवगत कराया गया कि मोहर्रम के दौरान जुलूस मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन कैमरों एवं अन्य आधुनिक तकनीकी संसाधनों के माध्यम से सतत निगरानी रखी जाएगी। 

ध्वनि प्रदूषण संबंधी नियमों का पालन सुनिश्चित करते हुए लाउडस्पीकर एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग निर्धारित मानकों के अनुरूप ही किए जाने के निर्देश दिए गए।
बैठक के अंत में पुलिस एवं प्रशासन द्वारा सभी नागरिकों से सहयोग की अपेक्षा करते हुए कहा गया कि किसी भी प्रकार की समस्या अथवा संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, जिससे मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जा सके। बैठक के दौरान एडीएम-ई श्री अरुण कुमार,अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक कुमार सिंह,एसडीएम बिसौली साईं अश्रित शाखमुरी,क्षेत्राधिकारी नगर रजनीश कुमार उपाध्याय,क्षेत्राधिकारी सहसवान अशोक कुमार सिंह,क्षेत्राधिकारी बिसौली अंशुमन श्रीवास्तव एवं समस्त थाना प्रभारी व अन्य अधि0गण उपस्थित रहे।