-
☰
No image found.
उत्तर प्रदेश: डीआईजी ने छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध से बचाव के बताए तरीके
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0 (द्वितीय चरण) के तहत बुधवार को जोगिया उदयपुर थाना क्षेत्र के सिद्धार्थ पब्लिक स्कूल करौंदा मसिना में वृहद जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस
विस्तार
उत्तर प्रदेश: मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0 (द्वितीय चरण) के तहत बुधवार को जोगिया उदयपुर थाना क्षेत्र के सिद्धार्थ पब्लिक स्कूल करौंदा मसिना में वृहद जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस उपमहानिरीक्षक बस्ती परिक्षेत्र संजीव त्यागी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध, महिला सुरक्षा और उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया। डीआईजी संजीव त्यागी ने कहा कि डिजिटल दौर में तकनीक ने सुविधाएं बढ़ाई हैं, लेकिन साइबर अपराध की चुनौतियां भी बढ़ी हैं। उन्होंने छात्र-छात्राओं को डिजिटल अरेस्ट, सोशल मीडिया हैकिंग और फिशिंग जैसे साइबर अपराधों के बारे में जानकारी दी और इनसे बचाव के उपाय बताए। उन्होंने कहा कि इंटरनेट पर किसी अनजान लिंक पर क्लिक न करें। सोशल मीडिया अकाउंट को सुरक्षित एवं निजी रखें और किसी भी व्यक्ति के साथ व्यक्तिगत जानकारी, पासवर्ड अथवा ओटीपी साझा न करें। साइबर ठगी होने की स्थिति में तत्काल कार्रवाई करने से धनराशि को बचाने की संभावना बढ़ जाती है। 1930 पर करें साइबर ठगी की शिकायत कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को बताया गया कि किसी भी तरह की साइबर ठगी या ऑनलाइन अपराध होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें। इसके अलावा cybercrime.gov.in पोर्टल के माध्यम से भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। डीआईजी ने महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए बताया कि प्रत्येक थाने पर मिशन शक्ति केंद्र स्थापित किया गया है। यहां महिलाएं और छात्राएं महिला पुलिसकर्मियों के सामने अपनी समस्याएं आसानी से रख सकती हैं। शिकायत पर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई की जाएगी। हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को आपातकालीन स्थिति में सहायता के लिए 112, 1090, 1076, 1098, 108/102 और 1930 समेत महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि किसी भी परेशानी को छिपाने के बजाय तत्काल परिजनों, शिक्षकों अथवा पुलिस को सूचना दें। कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद, क्षेत्राधिकारी सदर विश्वजीत सौरयान, क्षेत्राधिकारी डुमरियागंज एवं बांसी, प्रभारी निरीक्षक जोगिया उदयपुर, प्रभारी निरीक्षक महिला थाना, विद्यालय प्रबंधन के पदाधिकारी, शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
