-
☰
No image found.
उत्तर प्रदेश: पीएमएस पब्लिक स्कूल में दुर्लभ डाक टिकटों की प्रदर्शनी, एडीएम सिटी अंकुर श्रीवास्तव ने किया उद्घाटन
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: राष्ट्रीय डाक सप्ताह (9 से 15 अक्टूबर) के अंतर्गत डाक विभाग मुरादाबाद द्वारा ‘डाक सेवा–जन सेवा’ के ध्येय वाक्य को साकार करते हुए विभिन्न जन-जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: राष्ट्रीय डाक सप्ताह (9 से 15 अक्टूबर) के अंतर्गत डाक विभाग मुरादाबाद द्वारा ‘डाक सेवा–जन सेवा’ के ध्येय वाक्य को साकार करते हुए विभिन्न जन-जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में 12 अक्टूबर को 'फिलाटेली डे' (डाक टिकट संग्रह दिवस) के उपलक्ष्य में पीएमएस पब्लिक स्कूल मुरादाबाद में अत्यंत दुर्लभ व प्राचीन डाक टिकटों तथा प्रथम दिवस आवरण (First Day Cover) की भव्य फिलाटेली प्रदर्शनी लगाई गई। प्रदर्शनी का विधिवत उद्घाटन अपर जिलाधिकारी (नगर) श्री अंकुर श्रीवास्तव द्वारा फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर प्राचीन व दुर्लभ डाक टिकटों का अवलोकन करते हुए एडीएम सिटी श्री अंकुर श्रीवास्तव ने कहा कि डाक टिकट संग्रह केवल एक शौक नहीं, बल्कि देश के समृद्ध इतिहास, संस्कृति, कला और भौगोलिक विरासत को जानने का एक सशक्त माध्यम है। वहीं, विद्यालय की प्रधानाचार्या निश्मा मैम ने विद्यार्थियों को पत्र-लेखन के महत्व से अवगत कराया और डाक विभाग की पार्सल, स्पीड पोस्ट, डाक जीवन बीमा (PLI/RPLI), सुकन्या समृद्धि योजना तथा इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (IPPB) जैसी 'आपका बैंक, आपके द्वार' सेवाओं की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के दौरान 'स्वच्छता ही सेवा 2026' अभियान (17 सितंबर से 17 अक्टूबर) के अंतर्गत "एकजुट प्रयास, प्रभावी बदलाव" संदेश के साथ स्थापित किए गए सेल्फी प्वाइंट पर अपर जिलाधिकारी महोदय ने सेल्फी भी ली। विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने प्रदर्शनी का उत्साहपूर्वक अवलोकन किया। इसके साथ ही डाक विभाग द्वारा आयोजित प्रश्नोत्तरी (क्विज़) प्रतियोगिता के विजयी प्रतिभागियों को उपहार व पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया। यह आयोजन प्रवर अधीक्षक डाकघर मंडल मुरादाबाद के मार्गदर्शन में उप डाकघर (सिटी) मुरादाबाद द्वारा संपन्न कराया गया। इस मौके पर विद्यालय के शिक्षक मैथ्यू सर, समस्त स्टाफ सहित डाक विभाग से अरुण मोहन सांख्यधर, आशुतोष शर्मा, आयुष यज्ञसेनी, शिवम सक्सेना आदि मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
