-
☰
No image found.
उत्तर प्रदेश: नेपाल में बेचता था चोरी की बाइकें, तीन मोटरसाइकिलों के साथ आरोपी हुआ गिरफ्तार
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: बस्ती शहर और आसपास के क्षेत्रों से मोटरसाइकिलें चोरी कर नेपाल में बेचने के आरोप में कोतवाली पुलिस, एसओजी और एंटी थेफ्ट टीम ने एक युवक को गिरफ्तार किया है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: बस्ती शहर और आसपास के क्षेत्रों से मोटरसाइकिलें चोरी कर नेपाल में बेचने के आरोप में कोतवाली पुलिस, एसओजी और एंटी थेफ्ट टीम ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की तीन मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। उसके खिलाफ गोरखपुर और बस्ती जिलों में पांच मुकदमे दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। गिरफ्तारी के बाद संबंधित मामलों में बरामदगी से जुड़ी धाराएं बढ़ाकर आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान गोरखपुर जिले के पीपीगंज थाना क्षेत्र के तुर्कवलिया निवासी सुदीप कुमार यादव (24) पुत्र विंध्याचल यादव के रूप में हुई है। उसे 1 नवंबर की रात अमहट सर्विस रोड, कोतवाली थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि रात में गश्त के दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार को रोककर पूछताछ की गई। बाइक और युवक की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर जांच की गई। पूछताछ में आरोपी ने दो अन्य मोटरसाइकिलें झाड़ियों में छिपाकर रखने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस टीम ने उसकी निशानदेही पर दो और बाइक बरामद कीं। बरामद तीनों मोटरसाइकिलों पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी। पुलिस ने ई-चालान एप के माध्यम से चेसिस नंबर डालकर वाहनों का विवरण पता किया। जांच में एक बाइक स्प्लेंडर प्लस मिली, जिसके पंजीकृत वाहन स्वामी संतकबीरनगर जिले के धनघटा क्षेत्र के बेलौरा निवासी अंकुर कुमार बताए गए। दूसरी बाइक बजाज पल्सर 125 सीसी थी, जिसका पंजीकृत स्वामी अंबेडकरनगर जिले के भीटी क्षेत्र निवासी प्रदीप कुमार मिश्रा बताया गया। तीसरी बाइक बजाज पल्सर 150 सीसी थी, जिसके चेसिस नंबर से आरसी का विवरण प्राप्त नहीं हो सका। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने शहर और आसपास के क्षेत्रों से मोटरसाइकिलें चोरी कर नेपाल में बेचने की बात स्वीकार की है। पुलिस अब चोरी की अन्य घटनाओं और संभावित खरीदारों के संबंध में जांच कर रही है। आरोपी के खिलाफ गोरखपुर जिले के चिलुआताल थाने में वर्ष 2024 में चोरी और बरामदगी से संबंधित मुकदमा दर्ज है। पीपीगंज थाने में वर्ष 2025 में मारपीट का मामला दर्ज हुआ था। चिलुआताल थाने में वर्ष 2026 का एक अन्य मुकदमा भी दर्ज है। इसके अलावा बस्ती कोतवाली में बाइक चोरी के दो मामले, मुकदमा संख्या 486/2026 और 461/2026, दर्ज हैं। गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर बस्ती कोतवाली में दर्ज दोनों मुकदमों में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय भेज दिया। कार्रवाई में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बृजानंद सिंह, एसओजी प्रभारी विकास यादव, एंटी थेफ्ट टीम प्रभारी भानु प्रताप सिंह, सिविल लाइन चौकी प्रभारी रतीश चंचल, बड़ेवन चौकी प्रभारी जितेंद्र सिंह सहित कोतवाली पुलिस, एसओजी और एंटी थेफ्ट टीम के सदस्य शामिल रहे।
उत्तर प्रदेश: बरखा रानी को फिल्म ‘बूंद-बूंद है अनमोल’ के लिए मिला बेस्ट स्क्रिप्ट राइटिंग सम्मान
उत्तर प्रदेश: ई-रिक्शा में सवारी बनकर महिलाओं के झोले काटती थीं, दो महिलाएं हुई गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश: 37 केंद्रों पर धान खरीद हुई शुरू, MSP 2441 रुपये प्रति क्विंटल है दाम
उत्तर प्रदेश: पीईटी परीक्षा में पारदर्शिता के लिए डीएम ने किया केंद्रों का निरीक्षण
उत्तर प्रदेश: दीपावली से पहले पटाखा दुकानों की हुई जांच, लाइसेंस और सुरक्षा व्यवस्था परखी
