Contact for Advertisement 9650503773


उत्तर प्रदेश: मुरादाबाद बार एसोसिएशन क्रिकेट टूर्नामेंट: ग्रीन इलेवन और रेड इलेवन फाइनल में पहुंचीं

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश  Published by: Ajay Saxena , उत्तर प्रदेश  Edited By: Yashoda, Date: 02/11/2026 04:39:26 pm Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by.: Ajay Saxena ,
  • Edited By.: Yashoda,
  • Date:
  • 02/11/2026 04:39:26 pm
Share:

संक्षेप

उत्तर प्रदेश: मुरादाबाद दि बार एसोसिएशन एंड लाइब्रेरी, मुरादाबाद की ओर से 31 अक्टूबर 2026 को रामगंगा विहार स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस सोनकपुर स्टेडियम में वार्षिक क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 का आयोजन किया गया।

विस्तार

उत्तर प्रदेश: मुरादाबाद दि बार एसोसिएशन एंड लाइब्रेरी, मुरादाबाद की ओर से 31 अक्टूबर 2026 को रामगंगा विहार स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस सोनकपुर स्टेडियम में वार्षिक क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 का आयोजन किया गया। टूर्नामेंट का शुभारंभ मुख्य अतिथि मुरादाबाद परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक मुनिराज जी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर और एक ओवर खेलकर किया। प्रतियोगिता के पहले दिन खेले गए दोनों मुकाबलों में ग्रीन इलेवन और रेड इलेवन ने जीत दर्ज कर रविवार को होने वाले फाइनल में जगह बनाई।

पहला मुकाबला प्रेसिडेंट ब्लू इलेवन और ग्रीन इलेवन के बीच खेला गया। प्रेसिडेंट ब्लू इलेवन के कप्तान पुष्प यादव ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। बल्लेबाजी करते हुए ग्रीन इलेवन ने पांच विकेट के नुकसान पर 182 रन बनाए। आफताब पाशा ने 31 गेंदों पर चार चौकों और एक छक्के की मदद से सर्वाधिक 47 रन बनाए, जबकि राजीव चौधरी ने 21 गेंदों पर दो चौकों और एक छक्के के साथ 28 रन का योगदान दिया। प्रेसिडेंट ब्लू इलेवन की ओर से सलमान ने चार ओवर में 28 रन देकर तीन विकेट लिए। गौरव और जैदी को एक-एक विकेट मिला।

183 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी प्रेसिडेंट ब्लू इलेवन की टीम नौ विकेट पर 130 रन ही बना सकी। संयम शर्मा ने 29 गेंदों पर सात चौकों की मदद से 40 रन बनाए। नितिन गुप्ता और विश्वास गुंबर ने 15-15 रन का योगदान दिया। ग्रीन इलेवन की ओर से नवनीत सक्सेना ने तीन और विजेंद्र सैनी ने दो विकेट हासिल किए। इस तरह ग्रीन इलेवन ने 52 रन से मुकाबला अपने नाम कर लिया।

दूसरा मुकाबला सेक्रेटरी इलेवन और रेड इलेवन के बीच हुआ। रेड इलेवन के कप्तान राधे मोहन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। सेक्रेटरी इलेवन ने निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट खोकर 143 रन बनाए। अंकुश शर्मा ने सर्वाधिक 37 रन बनाए, जबकि टीम के कप्तान और बार एसोसिएशन के महासचिव कपिल गुप्ता ने 22 तथा नईम ने 16 रन बनाए। रेड इलेवन की ओर से कप्तान राधे मोहन ने तीन विकेट लिए। कुलदीप सक्सेना, सबूर और माजिद ने एक-एक विकेट हासिल किया।

144 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए रेड इलेवन ने शानदार बल्लेबाजी की। नवाज इंतजार ने 57 रन बनाए, जबकि सबूर हाशमी ने नाबाद 52 रन की पारी खेली। दोनों की पारियों की बदौलत रेड इलेवन ने तीन विकेट खोकर 15 ओवर पूरे होने से पहले ही लक्ष्य हासिल कर लिया और मुकाबला जीत लिया।

दोनों मैचों में वरिष्ठ अधिवक्ता अवनीश कुमार वर्मा और विवेक शर्मा ने अंपायरिंग की। बार के पूर्व कोषाध्यक्ष दानवीर सिंह यादव ने स्कोरिंग की, जबकि वरिष्ठ अधिवक्ता संजीव राघव और संजय सोनी ने कमेंट्री की। टूर्नामेंट के पहले दिन के अंतिम सत्र में विशिष्ट अतिथि के रूप में जनपद न्यायाधीश लारा कोर्ट उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए सभी को निष्पक्षता और खेल भावना के साथ खेलने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि बार एसोसिएशन की ओर से ऐसे आयोजन सकारात्मक पहल हैं और न्यायिक अधिकारियों तथा अधिवक्ताओं के बीच भी इस तरह के आयोजन होने चाहिए।

मैचों के बाद बार एसोसिएशन के अध्यक्ष आनंद मोहन गुप्ता अपने खिलाड़ियों के साथ सर्किट हाउस पहुंचे, जहां उन्होंने पूर्व सांसद, पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान और वर्तमान में तेलंगाना सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण एवं लोक उद्यम मंत्री मोहम्मद अजहरुद्दीन से शिष्टाचार मुलाकात की। अजहरुद्दीन ने बार एसोसिएशन की ओर से आयोजित टूर्नामेंट की सराहना की और खिलाड़ियों से व्यक्तिगत रूप से मिलकर उन्हें अच्छे प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर अध्यक्ष आनंद मोहन गुप्ता ने उन्हें पुष्पगुच्छ और स्मृतिचिह्न भेंट कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में रजिस्ट्रार लारा कोर्ट मनीष कुमार यादव, बार के पूर्व अध्यक्ष एवं एल्डर कमेटी सदस्य तथा उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के उपाध्यक्ष विजय गुप्ता, पूर्व अध्यक्ष आदेश श्रीवास्तव और अशोक सक्सेना, पूर्व महासचिव अभिषेक भटनागर, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अंजार हुसैन, कोषाध्यक्ष अजय बंसल, उपाध्यक्ष सचिन शर्मा और पुनीत चौहान, संयुक्त सचिव आवरण अग्रवाल ‘श्रेष्ठ’ एवं जितेंद्र प्रताप सिंह ‘जेपी’ सहित अनेक अधिवक्ता मौजूद रहे।
 


Featured News