-
☰
No image found.
उत्तर प्रदेश: मुरादाबाद के शिवांग कुमार का टीम इंडिया कैंप में चयन, शहर में जश्न का माहौल
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: जनपद के होनहार युवा क्रिकेटर शिवांग कुमार ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर एक और बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए टीम इंडिया कैंप में स्थान बना लिया है। आईपीएल 2026 में हैदराबाद की टीम
विस्तार
उत्तर प्रदेश: जनपद के होनहार युवा क्रिकेटर शिवांग कुमार ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर एक और बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए टीम इंडिया कैंप में स्थान बना लिया है। आईपीएल 2026 में हैदराबाद की टीम के लिए शानदार प्रदर्शन करने के बाद उनके चयन की खबर से मुरादाबाद के क्रिकेट प्रेमियों, खिलाड़ियों और खेल जगत से जुड़े लोगों में खुशी का माहौल है। शिवांग कुमार लंबे समय से मुरादाबाद स्थित मॉडर्न पब्लिक स्कूल क्रिकेट अकादमी में नियमित अभ्यास कर रहे हैं। उन्होंने अपनी क्रिकेट प्रतिभा को निखारने के लिए अकादमी में कड़ी मेहनत की और क्रिकेट कोच मिर्जा दानिश आलम के मार्गदर्शन में खेल की बारीकियों को सीखा। उनकी मेहनत और समर्पण का ही परिणाम है कि आज उन्हें देश के सर्वोच्च क्रिकेट मंच तक पहुंचने का अवसर प्राप्त हुआ है। टीम इंडिया कैंप के लिए चयन की सूचना मिलते ही शिवांग कुमार के पिता परवीन कुमार और परिवार के अन्य सदस्यों में खुशी की लहर दौड़ गई। परिवार ने इसे शिवांग की वर्षों की मेहनत और संघर्ष का फल बताया। वहीं मॉडर्न पब्लिक स्कूल क्रिकेट अकादमी में भी इस उपलब्धि का उत्साहपूर्वक स्वागत किया गया। अकादमी के खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और स्टाफ ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर अपनी खुशी का इजहार किया और शिवांग को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। क्रिकेट कोच मिर्जा दानिश आलम ने कहा कि शिवांग कुमार ने आईपीएल 2026 में हैदराबाद की टीम के लिए बेहतरीन प्रदर्शन किया, जिसके चलते चयनकर्ताओं का ध्यान उनकी ओर गया। उन्होंने कहा कि टीम इंडिया कैंप में चयनित होना किसी भी खिलाड़ी के लिए गर्व का क्षण होता है। शिवांग ने अपनी लगन, अनुशासन और लगातार मेहनत के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने कहा कि शिवांग की सफलता न केवल मॉडर्न पब्लिक स्कूल क्रिकेट अकादमी बल्कि पूरे मुरादाबाद महानगर के लिए गर्व की बात है। उनकी उपलब्धि से जिले के अन्य युवा खिलाड़ियों को भी प्रेरणा मिलेगी और वे भी बड़े सपने देखने तथा उन्हें पूरा करने के लिए मेहनत करने के लिए प्रोत्साहित होंगे। शिवांग कुमार की इस सफलता पर शहर भर से उन्हें बधाइयां और शुभकामनाएं मिल रही हैं।
