-
☰
No image found.
उत्तर प्रदेश: डीएम की चौपाल में सुनी गईं जनसमस्याएं, योजनाओं का लाभ पहुंचाने के दिए निर्देश
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: सिद्धार्थनगर नगर पंचायत बढ़नी चाफा में जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन की अध्यक्षता में "नगर की समस्या, नगर में समाधान" चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: सिद्धार्थनगर नगर पंचायत बढ़नी चाफा में जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन की अध्यक्षता में "नगर की समस्या, नगर में समाधान" चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान आमजन की समस्याएं सुनी गईं और विभिन्न सरकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। कार्यक्रम में पूर्व विधायक डुमरियागंज राघवेंद्र प्रताप सिंह और मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह भी मौजूद रहे। चौपाल में जिलाधिकारी ने नगरवासियों से सीधे संवाद कर सरकारी योजनाओं की जानकारी ली और पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने आयुष्मान कार्ड, पेंशन, राशन कार्ड, किसान सम्मान निधि और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर लागू करने को कहा। डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि भूमि विवाद, वरासत, प्रमाण-पत्र और अन्य जनसमस्याओं का समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। पूर्व विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि जिलाधिकारी ने नगरवासियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके समाधान का भरोसा दिलाया। उन्होंने बताया कि नगर पंचायत बनने के बाद क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिली है और लोगों को आवास समेत कई योजनाओं का लाभ मिल रहा है। मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह ने बताया कि विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है और मौके पर ही समस्याओं के समाधान का प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी और पूर्व विधायक ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया। साथ ही गर्भवती महिलाओं की गोदभराई और बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया। चौपाल में बड़ी संख्या में नगरवासी और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
