Contact for Advertisement 9650503773


उत्तर प्रदेश: खजनी में सड़क हादसा बाइक और अज्ञात वाहन की टक्कर में युवक की मौत, दोस्त गंभीर घायल

- Photo by : SOCIAL MEDIA

उत्तर प्रदेश  Published by: Pawan Tiwari , Date: 09/03/2026 05:34:31 pm Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by: Pawan Tiwari ,
  • Date:
  • 09/03/2026 05:34:31 pm
Share:

संक्षेप

उत्तर प्रदेश: खजनी थाना क्षेत्र में रविवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 28 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की खबर मिलते ही रुद्रपुर गांव में

विस्तार

उत्तर प्रदेश: खजनी थाना क्षेत्र में रविवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 28 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की खबर मिलते ही रुद्रपुर गांव में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। जानकारी के अनुसार खजनी थाना क्षेत्र के रुद्रपुर गांव निवासी नौरत्न शर्मा के पुत्र साहब शर्मा (28) रविवार देर रात अपने मित्र शनि सिंह पुत्र बबलू सिंह के साथ बुलेट मोटरसाइकिल से गोरखपुर-खजनी मुख्य मार्ग पर धुवहां (छताई) के पास से घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल सड़क पर दूर जा गिरी और दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में साहब शर्मा को गंभीर चोटें आईं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि शनि सिंह सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़े रहे। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी।

स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने साहब शर्मा को मृत घोषित कर दिया, जबकि शनि सिंह का इलाज जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के दौरान एक साइकिल सवार भी वाहन की चपेट में आ गया था, लेकिन वह बाल-बाल बच गया, हालांकि उसकी साइकिल क्षतिग्रस्त हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के घर कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के अनुसार साहब शर्मा मिलनसार स्वभाव के थे और गांव में सभी के प्रिय थे। उनकी असमय मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बाइक को कब्जे में ले लिया है और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। वहीं ग्रामीणों ने इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सड़क सुरक्षा के कड़े इंतजाम की मांग की है। 


Featured News