Contact for Advertisement 9650503773



उत्तर प्रदेश: उफेरिया मॉल में दुकानदारों ने मेंटेनेंस वसूली व सुरक्षा के खिलाफ किया प्रदर्शन

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश  Published by: Narender , Date: 16/03/2026 01:48:04 pm Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by: Narender ,
  • Date:
  • 16/03/2026 01:48:04 pm
Share:

संक्षेप

उत्तर प्रदेश: ग्रेटर नोएडा वेस्ट के मूर्ति चौक के पास स्थित फ्यूज़न उफेरिया मॉल में रविवार, 15 मार्च 2026 को खरीदारों और दुकानदारों ने बिल्डर प्रबंधन के खिलाफ जोरदार लेकिन शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया।

विस्तार

उत्तर प्रदेश: ग्रेटर नोएडा वेस्ट के मूर्ति चौक के पास स्थित फ्यूज़न उफेरिया मॉल में रविवार, 15 मार्च 2026 को खरीदारों और दुकानदारों ने बिल्डर प्रबंधन के खिलाफ जोरदार लेकिन शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन उफेरिया ओनर्स एसोसिएशन के नेतृत्व में आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में मॉल के दुकानदारों और संपत्ति मालिकों ने भाग लिया। प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप है कि मॉल में भारी मेंटेनेंस शुल्क वसूला जा रहा है, लेकिन इसके बावजूद मॉल में बुनियादी सुविधाएं और पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि सुरक्षा गार्डों की कमी, सीसीटीवी व्यवस्था में लापरवाही और साफ-सफाई व अन्य सुविधाओं में भी गंभीर कमियां देखने को मिल रही हैं। खरीदारों और दुकानदारों ने यह भी आरोप लगाया कि बिल्डर प्रबंधन की ओर से पानी के कनेक्शन और बिजली के नाम पर अतिरिक्त और मनमाने शुल्क वसूले जा रहे हैं। इसके अलावा यदि कोई संपत्ति मालिक अपनी दुकान या प्रॉपर्टी बेचना चाहता है तो उससे एनओसी (नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट) के नाम पर अवैध वसूली की जाती है, जिससे मालिकों को आर्थिक रूप से परेशान होना पड़ रहा है।


प्रदर्शनकारियों का कहना है कि कई बार इन समस्याओं को लेकर बिल्डर प्रबंधन और संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकाला गया। इसी के चलते मजबूर होकर खरीदारों और दुकानदारों को विरोध प्रदर्शन का रास्ता अपनाना पड़ा। उफेरिया ओनर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने मांग की कि मॉल में मेंटेनेंस व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी बनाया जाए, अवैध वसूली तुरंत बंद की जाए और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाए, ताकि दुकानदारों और आने वाले ग्राहकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आने वाले समय में आंदोलन को और तेज किया जाएगा और संबंधित अधिकारियों तक अपनी बात पहुंचाई जाएगी। इससे पहले भी कई बार इस मुद्दे को उठाया जा चुका है, लेकिन समाधान नहीं मिलने से लोगों में रोष बढ़ता जा रहा है।