Contact for Advertisement 9650503773


उत्तराखंड: डाकपत्थर की 180 एकड़ जमीन को लेकर कांग्रेस का हल्लाबोल, भाजपा सरकार के खिलाफ किया प्रदर्शन

- Photo by : social media

उत्तराखंड  Published by: Rudra Bahadur , उत्तराखंड  Edited By: Shikha Pandey, Date: 04/11/2026 04:47:02 pm Share:
  • उत्तराखंड
  • Published by.: Rudra Bahadur ,
  • Edited By.: Shikha Pandey,
  • Date:
  • 04/11/2026 04:47:02 pm
Share:

संक्षेप

उत्तराखंड: डाकपत्थर में करीब 180 एकड़ बेशकीमती भूमि को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

विस्तार

उत्तराखंड: डाकपत्थर में करीब 180 एकड़ बेशकीमती भूमि को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के 'भूमि बचाओ, धामी हटाओ' अभियान के तहत पंजाब नेशनल बैंक के सामने कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धरना-प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई। प्रदर्शन का नेतृत्व चकराता विधायक एवं प्रदेश कांग्रेस चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने किया। इस दौरान पूर्व विधायक नवप्रभात, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष संजय किशोर और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष रामशरण नौटियाल समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

धरने को संबोधित करते हुए प्रीतम सिंह ने कहा कि डाकपत्थर की 180 एकड़ जमीन क्षेत्र की जनता की सार्वजनिक संपत्ति है और इसका इस्तेमाल विकास, रोजगार तथा जनहित के कार्यों में होना चाहिए। उन्होंने भाजपा सरकार पर प्रदेश की बेशकीमती संपत्तियों को निजी हितों के लिए इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। प्रीतम सिंह ने कहा कि कांग्रेस इस जमीन को निजी हाथों में जाने नहीं देगी और इसकी रक्षा के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी। पूर्व विधायक नवप्रभात ने कहा कि उत्तराखंड राज्य का गठन यहां की जमीन, जल और जंगलों की रक्षा के उद्देश्य से हुआ था। ऐसे में सरकार को डाकपत्थर की जमीन को लेकर अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए और इससे जुड़े सभी दस्तावेज सार्वजनिक करने चाहिए।

वहीं, जिला कांग्रेस अध्यक्ष संजय किशोर ने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को गांव-गांव तक पहुंचाएगी। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष रामशरण नौटियाल ने भी स्थानीय लोगों को विश्वास में लेकर ही जमीन से संबंधित कोई फैसला लेने की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने सरकार से 180 एकड़ भूमि से जुड़े फैसलों में पारदर्शिता बरतने और जनहितों को प्रभावित करने वाले किसी भी कदम पर रोक लगाने की मांग की। नेताओं ने चेतावनी दी कि मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

इस मौके पर कालसी और चकराता ब्लॉक के कांग्रेस पदाधिकारियों, जिला पंचायत सदस्यों, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव शम्मी प्रकाश ने किया। कांग्रेस नेताओं ने एकजुट होकर कहा कि उत्तराखंड की जमीन, जल, जंगल और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए पार्टी का संघर्ष जारी रहेगा।