-
☰
No image found.
उत्तर प्रदेश: गाजीपुर में वृहद रोजगार मेले का हुआ आयोजन, 523 युवाओं को मिला नौकरी का ऑफर
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: गाजीपुर रोजगार मिशन के तहत जिला सेवायोजन कार्यालय और मोती लाल पीजी कॉलेज, सैदपुर के संयुक्त तत्वावधान में विधानसभा क्षेत्र सैदपुर में वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: गाजीपुर रोजगार मिशन के तहत जिला सेवायोजन कार्यालय और मोती लाल पीजी कॉलेज, सैदपुर के संयुक्त तत्वावधान में विधानसभा क्षेत्र सैदपुर में वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि बिरनो ब्लॉक प्रमुख राजन सिंह ने फीता काटकर किया। इसके बाद अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर और मां सरस्वती की वंदना के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की। कार्यक्रम में जिला सेवायोजन अधिकारी गौरव सिंह ने विभाग की ओर से संचालित रोजगार योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही बताया कि आगामी 5 नवंबर 2026 को विधानसभा क्षेत्र जखनिया में भी रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान उपजिलाधिकारी सैदपुर ज्योति चौरसिया ने युवाओं को रोजगार से जुड़ी जानकारी देते हुए नेतृत्व क्षमता विकसित करने, आउटसोर्सिंग पोर्टल और विदेशों में भर्ती के अवसरों के बारे में बताया। उन्होंने युवाओं को अपने कौशल को पहचानने और बेहतर भविष्य के लिए लगातार प्रयास करने के लिए प्रेरित किया। वहीं ब्लॉक प्रमुख राजन सिंह ने कहा कि देश के विकास में युवाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। विकसित भारत का सपना तभी पूरा होगा, जब युवा अपनी कार्यक्षमता को पहचानकर नए अवसरों को अपनाने के लिए तैयार रहेंगे। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने चयनित युवाओं को मंच से ऑफर लेटर वितरित किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस रोजगार मेले में 1300 से अधिक युवाओं ने हिस्सा लिया, जिनमें से 523 युवाओं को नौकरी के ऑफर लेटर दिए गए।
