Contact for Advertisement 9650503773


Punjab Crime News: 50 लाख की रंगदारी को लेकर मेडिकल स्टोर मालिक के घर की फायरिंग, दिन में दुकान पर भी चली गोली

- Photo by : NCR SAMACHAR

पंजाब  Published by: Shubhi Shikha Nayal , पंजाब  Edited By: Shubhi Shikha Nayal, Date: 24/08/2026 03:54:02 pm Share:
  • पंजाब
  • Published by.: Shubhi Shikha Nayal ,
  • Edited By.: Shubhi Shikha Nayal,
  • Date:
  • 24/08/2026 03:54:02 pm
Share:

संक्षेप

पंजाब: बटाला के गुरदासपुर जिले के बटाला में मेडिकल स्टोर संचालक को कथित तौर पर 50 लाख रुपये की रंगदारी के लिए निशाना बनाए जाने का मामला सामने आया है।

विस्तार

पंजाब: बटाला के गुरदासपुर जिले के बटाला में मेडिकल स्टोर संचालक को कथित तौर पर 50 लाख रुपये की रंगदारी के लिए निशाना बनाए जाने का मामला सामने आया है। रविवार को पहले दोपहर मेडिकल स्टोर पर फायरिंग की कोशिश की गई और रात में बाइक सवार बदमाशों ने दुकानदार के घर पर गोलियां चला दीं। दोनों घटनाओं के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

दोपहर में दुकान पर फायरिंग की कोशिश

ओम मेडिकल स्टोर के संचालक संदीप कुमार शर्मा के अनुसार, रविवार दोपहर करीब ढाई बजे वह किसी काम से घर गए हुए थे। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक उनकी दुकान के सामने पहुंचे। दोनों ने अपने चेहरे कपड़े से ढके हुए थे। पीछे बैठे युवक ने कथित तौर पर पिस्तौल निकालकर दुकान की ओर दो बार गोली चलाने का प्रयास किया, लेकिन हथियार से गोली नहीं चली। इसके बाद दोनों आरोपी बाइक से गौंसपुरा रोड की ओर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के इलाकों में आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने वारदात से जुड़े सुराग जुटाने के साथ संदिग्धों की पहचान के प्रयास किए। हालांकि, आरोपियों के पकड़े जाने से पहले ही रात में एक और वारदात सामने आ गई।

रात में घर को बनाया निशाना

रविवार रात करीब 9:50 बजे वही या संबंधित हमलावर दोबारा बाइक से पहुंचे और संदीप कुमार शर्मा के घर की ओर दो गोलियां चलाकर मौके से फरार हो गए। अचानक हुई फायरिंग से परिवार के लोग घबरा गए। लगातार दो घटनाओं के बाद पीड़ित परिवार में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। संदीप कुमार ने बताया कि पिछले करीब दो महीने से उन्हें विदेशी नंबरों से फोन कर 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी जा रही थी। फोन करने वाला कथित तौर पर खुद को ‘डोनी बल्ल’ बताता था। इस संबंध में पहले ही पुलिस को शिकायत दी जा चुकी थी और मामला दर्ज होने की बात सामने आई है।

पुलिस की जांच जारी

सुरक्षा को देखते हुए पुलिस की ओर से संदीप कुमार को एक सुरक्षाकर्मी उपलब्ध कराया गया है। इसके अलावा उन्होंने अपनी सुरक्षा के लिए निजी सुरक्षा कर्मी भी रखा हुआ है। इसके बावजूद घर के बाहर हुई फायरिंग ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।बटाला पुलिस की ओर से फिलहाल मामले में विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। पुलिस दोनों घटनाओं को जोड़कर जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान के साथ-साथ फायरिंग के पीछे के मकसद का पता लगाने का प्रयास कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।