-
☰
No image found.
बिहार: भागलपुर गोलीकांड में घायल मुख्य पार्षद राजकुमार गुड्डू का हुआ निधन, शोक सभा का हुआ आयोजित
- Photo by : social media
संक्षेप
बिहार: भागलपुर सुल्तानगंज नगर परिषद के मुख्य पार्षद राजकुमार उर्फ गुड्डू के आकस्मिक निधन पर शनिवार को हिसूआ नगर परिषद कार्यालय भवन में शोक सभा का आयोजन किया गया।
विस्तार
बिहार: भागलपुर सुल्तानगंज नगर परिषद के मुख्य पार्षद राजकुमार उर्फ गुड्डू के आकस्मिक निधन पर शनिवार को हिसूआ नगर परिषद कार्यालय भवन में शोक सभा का आयोजन किया गया। नगर परिषद कार्यालय में हुई कायरतापूर्ण गोलीबारी में गंभीर रूप से घायल राजकुमार गुड्डू ने 11 दिनों तक पटना के कंकड़बाग स्थित जयप्रभा मेदांता सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ने के बाद 9 मई अंतिम सांस ली। शोक सभा में हिसूआ नगर परिषद की मुख्य पार्षद पूजा कुमारी, उपमुख्य पार्षद टिंकू चौधरी, नगर भाजपा अध्यक्ष अशोक चौधरी उर्फ बिल्टू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इनमें समाजसेवी अरविंद कुमार चंद्रवंशी, विनोद कुमार चंद्रवंशी, लक्ष्मीकांत उर्फ बेगन सिंह, जितेंद्र कुमार, पंकज सिंह, हीरा सिंह, उदय वाला, मोती कुमार, विक्की कुमार, जितेंद्र कुमार फुल्लू, सुधीर सिंह, सुबोध कुमार सहित अन्य स्थानीय कार्यकर्ता और कर्मी शामिल थे। उपस्थित सभी लोगों ने दिवंगत पार्षद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर दो मिनट का मौन रख श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके निधन को अपूर्णीय क्षति बताया। 28 अप्रैल की शाम करीब 4 बजे मजदूर के वेश में नगर परिषद कार्यालय में घुसे कुख्यात अपराधी रामधनी यादव और उसके साथियों ने टेंडर विवाद को लेकर दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी। इस हमले में नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण कुमार की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि मुख्य पार्षद राजकुमार गुड्डू के पेट, सिर और सीने में गोलियां लगी थीं। गंभीर स्थिति में उन्हें पहले भागलपुर रेफर किया गया, फिर पटना के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां वे वेंटिलेटर सपोर्ट पर थे। डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर गोली निकालने का प्रयास किया, लेकिन उनकी स्थिति लगातार नाजुक बनी रही। पुलिस जांच में सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मुख्य आरोपी रामधनी यादव की पहचान हुई, जिसे नगर परिषद की उपसभापति नीलम देवी का पति बताया जा रहा है। पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में मुठभेड़ के दौरान रामधनी यादव मारा गया, जबकि घटना में शामिल दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की साजिश और पृष्ठभूमि की जांच कर रही है। शोक सभा को संबोधित करते हुए नगर परिषद कार्यपालक पदाधिकारी आतिश रंजन ने कहा कि राजकुमार गुड्डू के योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा और उनके अधूरे कार्यों को पूरा करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। मुख्य पार्षद पूजा कुमारी ने कहा कि राजकुमार गुड्डू एक जमीनी नेता थे जो हमेशा आम जनता के सुख-दुख में साथ खड़े रहते थे। उपमुख्य पार्षद टिंकू चौधरी ने कहा कि उनके निधन से नगर परिषद ने एक कर्मठ और संघर्षशील जनप्रतिनिधि खो दिया है। समाजसेवी अरविंद कुमार चंद्रवंशी और नगर भाजपा अध्यक्ष अशोक चौधरी ने भी उनके कार्यों को याद करते हुए श्रद्धांजलि दी। उपस्थित सभी ने दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की। राजकुमार गुड्डू के निधन की खबर से सुल्तानगंज और पूरे भागलपुर में शोक की लहर दौड़ गई। रविवार को उनका पार्थिव शरीर पटना से पुलिस एस्कॉर्ट के साथ सुल्तानगंज लाया गया, जहां हजारों लोगों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी। प्रशासनिक अधिकारियों, धार्मिक संगठनों, व्यापारियों और आम लोगों की भारी भीड़ उनकी अंतिम यात्रा में शामिल हुई। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी उनके निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की और डीजीपी को स्पीडी ट्रायल के निर्देश दिए।
मध्य प्रदेश: गली की समस्या लेकर जनसुनवाई पहुंचे छात्र ने अधिकारी को चॉकलेट देकर लगाई गुहार
उत्तर प्रदेश: उच्च प्राथमिक विद्यालय नजोर की व्यवस्थाओं पर आरटीआई से उठे सवाल
राजस्थान: धनोप गांव में पहुंचा समृद्धि किसान रथ, ग्रामीणों को दी योजनाओं की जानकारी
उत्तर प्रदेश: जिम संचालकों के लिए हुए सख्त नियम लागू, डीआईजी ने जारी की नई गाइडलाइन
उत्तर प्रदेश: नाबालिग युवती से दुष्कर्म मामले में आरोपी गिरफ्तार, पुलिस की त्वरित कार्रवाई
उत्तराखंड: 13 सूत्रीय मांगों को लेकर जूनियर हाई स्कूल शिक्षक संगठन का धरना-प्रदर्शन
