Contact for Advertisement 9650503773


बिहार: नवादा में रामनवमी पर निकलेगी भव्य व ऐतिहासिक शोभायात्रा

- Photo by : SOCIAL MEDIA

बिहार  Published by: Sanjay Kumar Verma , Date: 28/03/2026 05:56:21 pm Share:
  • बिहार
  • Published by: Sanjay Kumar Verma ,
  • Date:
  • 28/03/2026 05:56:21 pm
Share:

संक्षेप

बिहार: श्रीराम नवमी के पावन अवसर पर नवादा नगर में भव्य, ऐतिहासिक एवं श्रद्धा-भक्ति से ओत-प्रोत शोभायात्रा का आयोजन किया जा रहा है। नगर के विभिन्न क्षेत्रों से निकलने वाली ये शोभायात्राएं आस्था, परंपरा और सामाजिक स

विस्तार

बिहार: श्रीराम नवमी के पावन अवसर पर नवादा नगर में भव्य, ऐतिहासिक एवं श्रद्धा-भक्ति से ओत-प्रोत शोभायात्रा का आयोजन किया जा रहा है। नगर के विभिन्न क्षेत्रों से निकलने वाली ये शोभायात्राएं आस्था, परंपरा और सामाजिक समरसता का अद्भुत संगम प्रस्तुत करेंगी। नवादा की सबसे प्राचीन शोभायात्रा पुरानी बाजार से प्रारंभ होती है, जिसके अध्यक्ष श्री रंजीत कुमार हैं। वहीं रेलवे गुमटी, बजरंग नगर (तेली टोला) की शोभायात्रा वर्ष 2003 से निरंतर निकाली जा रही है, जिसकी शुरुआत तत्कालीन बजरंग दल जिला संयोजक श्री जितेंद्र प्रताप ‘जीतू’ जी द्वारा की गई थी। उनके ही नेतृत्व में सद्भावना चौक की शोभायात्रा का भी शुभारंभ हुआ, जिसके अध्यक्ष श्री चिरंजीवी पांडे हैं। देवी स्थान (गया रोड) की शोभायात्रा, जिसके अध्यक्ष श्री सतेंद्र साहू हैं, सहित अन्य प्रमुख शोभायात्राएं वर्षों से नगर की धार्मिक गरिमा को बढ़ा रही हैं। समय के साथ न्यू एरिया (अध्यक्ष: अंशुमान शर्मा), मिर्जापुर (अध्यक्ष: अमन बजरंगी), इंदिरा चौक (अध्यक्ष: जितेंद्र साहू), अस्पताल रोड अगिया बेताल मंदिर (अध्यक्ष: संतोष सिंह), 

हनुमान हाट (अध्यक्ष: पंकज कुमार) एवं रामनगर (अध्यक्ष: प्रभाकर कुमार) सहित विभिन्न क्षेत्रों में भी शोभायात्राओं का विस्तार हुआ है। इस वर्ष फरहा क्षेत्र से पहली बार शोभायात्रा निकाली जा रही है, जो मस्तानगंज में जाकर अन्य शोभायात्राओं के साथ भव्य संगम का रूप लेगी। पिछले पांच वर्षों से मातृशक्ति दुर्गा वाहिनी की हजारों महिलाएं साहब कोठी मंदिर से निकलकर इंदिरा चौक की शोभायात्रा में उत्साहपूर्वक भाग ले रही हैं, जो नारी शक्ति की सशक्त भागीदारी का प्रतीक है। बजरंग नगर एवं अगिया बेताल मंदिर की शोभायात्राओं में भगवान श्रीराम की आकर्षक प्रतिमाएं स्थापित की जाती हैं। सभी शोभायात्राओं में भव्य झांकियां, केसरिया वेशभूषा में सुसज्जित रामभक्तों का उत्साह एवं “जय श्रीराम” के गगनभेदी जयघोष वातावरण को भक्तिमय बना देते हैं। रामनवमी पूजा शोभायात्रा समिति के जिला अध्यक्ष श्री जितेंद्र प्रताप ‘जीतू’ जी ने बताया कि इस आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं, विशेषकर महिलाओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। वहीं जिला महामंत्री श्री कैलाश विश्वकर्मा जी ने सभी श्रद्धालुओं एवं कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे शोभायात्रा को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं अनुशासित तरीके से संपन्न कराने में सहयोग करें। यह भव्य आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि सामाजिक एकता, सांस्कृतिक गौरव एवं पारंपरिक मूल्यों को सुदृढ़ करने का भी संदेश देता है।