-
☰
No image found.
छत्तीसगढ़: जांजगीर-नैला में 14 जोड़ों का सामूहिक एकादशी उद्यापन, तुलसी-शालिग्राम विवाह व विशाल भंडारे का आयोजन
- Photo by :
संक्षेप
छत्तीसगढ़: जांजगीर-नैला। मारवाड़ी युवा मंच जागृति शाखा एवं अग्रसेन सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में पिछले वर्षों की भांति इस वर्ष भी अग्रसेन भवन नैला-जांजगीर में सामूहिक एकादशी उद्यापन कार्यक्रम बड़े ही धूमधाम एवं भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ। इस धार्मिक आयोजन में 14 जोड़ों ने सहभागिता करते हुए विधि-विधान से एकादशी उद्यापन किया।
विस्तार
छत्तीसगढ़: जांजगीर-नैला। मारवाड़ी युवा मंच जागृति शाखा एवं अग्रसेन सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में पिछले वर्षों की भांति इस वर्ष भी अग्रसेन भवन नैला-जांजगीर में सामूहिक एकादशी उद्यापन कार्यक्रम बड़े ही धूमधाम एवं भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ। इस धार्मिक आयोजन में 14 जोड़ों ने सहभागिता करते हुए विधि-विधान से एकादशी उद्यापन किया। कार्यक्रम के प्रथम दिवस 20 नवंबर को वृंदावन से पधारे वेदव्यास जी महाराज के सानिध्य में यजमानों को विधिवत पूजा-अर्चना कराई गई तथा एकादशी व्रत की कथा का श्रवण कराया गया। इसके पश्चात तुलसी मैया एवं भगवान शालिग्राम जी की आरती की गई। आरती के बाद व्रतधारी यजमानों एवं उनके परिवार के सदस्यों के लिए फलाहार एवं भोजन की विशेष व्यवस्था की गई। वहीं शाम को भगवान शालिग्राम जी की भव्य बारात निकाली गई। बारात के पश्चात वैदिक मंत्रोच्चार एवं धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ माता तुलसी और भगवान शालिग्राम का विवाह संपन्न कराया गया। कार्यक्रम के दूसरे दिन माता तुलसी की विदाई, हवन, सैयादान एवं गोदान की धार्मिक रस्में पूरी की गईं। इसके पश्चात विशाल भंडारे का आयोजन किया गया जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इस आयोजन में मारवाड़ी युवा मंच के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जोन-4 अमर सुल्तानिया की विशेष उपस्थिति रही। प्रदेश अध्यक्ष प्रशांत गांधी एवं प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष श्रीमती रीना केडिया के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम की सभी ने सराहना की। इस अवसर पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अमर सुल्तानिया ने कहा कि पिछले दो वर्षों से जांजगीर-नैला में मारवाड़ी युवा मंच जागृति शाखा एवं अग्रसेन सेवा समिति के संयुक्त प्रयास से सामूहिक एकादशी उद्यापन का आयोजन किया जा रहा है जो शहर के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि कई परिवार आर्थिक एवं अन्य कारणों से अपने घरों में उद्यापन करने की इच्छा रखने के बावजूद ऐसा नहीं कर पाते। ऐसे में सामूहिक आयोजन के माध्यम से कम लागत में विधि-विधान से उद्यापन करने का अवसर मिल रहा है। इस वर्ष एकादशी के दिन भारी वर्षा होने के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह और पूजा के प्रति उनकी आस्था देखते ही बन रही थी। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में जुटे सभी सदस्यों की मेहनत की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार सामाजिक एवं धार्मिक कार्यों में सहयोग देने की बात कही। अग्रसेन सेवा समिति के अध्यक्ष संजय गोपालपुरिया ने कहा कि मारवाड़ी युवा मंच जागृति शाखा द्वारा किए जा रहे इस प्रकार के धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन सराहनीय हैं। अग्रसेन सेवा समिति पिछले दो वर्षों से सहयोगी संस्था के रूप में शाखा का उत्साहवर्धन करती आ रही है और भविष्य में भी अपना सहयोग जारी रखेगी। वहीं जागृति शाखा की अध्यक्ष श्रीमती पूनम अग्रवाल ने कहा कि लगातार दो वर्षों से आयोजित सामूहिक एकादशी उद्यापन कार्यक्रम को समाज के लोगों का भरपूर स्नेह एवं समर्थन मिल रहा है। उन्होंने आयोजन को भव्य और सफल बनाने में योगदान देने वाली सभी सदस्यों एवं बहनों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी इसी तरह सहयोग बनाए रखने की अपील की। कार्यक्रम में प्रांतीय निर्देशक श्रीमती सुनीता मोदी प्रांतीय संयोजक श्रीमती शिखा अग्रवाल प्रांतीय सहसंयोजक श्रीमती कल्याणी भोपालपुरिया प्रांतीय सहसंयोजक श्रीमती अनुपमा गोयल अध्यक्ष श्रीमती पूनम अग्रवाल सचिव श्रीमती अनीता अग्रवाल कोषाध्यक्ष श्रीमती ममता मोदी सहित श्रीमती बबीता गर्ग श्रीमती संतोष अग्रवाल श्रीमती अंजू अग्रवाल श्रीमती शील अग्रवाल श्रीमती अनामिका अग्रवाल श्रीमती बबीता धानुका श्रीमती पूनम अग्रवाल रुई श्रीमती ज्योति अग्रवाल श्रीमती राधा अग्रवाल सहित मारवाड़ी युवा मंच जागृति शाखा की सदस्य एवं समाज के गणमान्य लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। धार्मिक आस्था सामाजिक एकता और सेवा भावना से परिपूर्ण यह आयोजन श्रद्धालुओं के लिए यादगार रहा।
