Contact for Advertisement 9650503773


 हरियाणा: कैथल मंडी में धान खरीद और उठान की धीमी रफ्तार पर बसपा ने जताई नाराजगी, आंदोलन की दी चेतावनी

- Photo by : social media

हरियाणा  Published by: Fulchand Malviya , हरियाणा  Edited By: Yashoda Bahuguna, Date: 22/10/2026 10:32:38 am Share:
  • हरियाणा
  • Published by.: Fulchand Malviya ,
  • Edited By.: Yashoda Bahuguna,
  • Date:
  • 22/10/2026 10:32:38 am
Share:

संक्षेप

हरियाणा: कैथल स्थित नई अनाज मंडी में धान की खरीद और उठान में हो रही देरी को लेकर बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने चिंता जताई है। बुधवार को बसपा के हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष कृष्ण जमालपुर ने मंडी का दौरा कर किसानों, आढ़तियों और मजदूरों से मुलाकात की।

विस्तार

हरियाणा: कैथल स्थित नई अनाज मंडी में धान की खरीद और उठान में हो रही देरी को लेकर बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने चिंता जताई है। बुधवार को बसपा के हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष कृष्ण जमालपुर ने मंडी का दौरा कर किसानों, आढ़तियों और मजदूरों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मंडी में आ रही समस्याओं की जानकारी ली और राज्य सरकार से जल्द समाधान करने की मांग की।

दौरे के बाद कृष्ण जमालपुर ने भाजपा सरकार की कृषि नीतियों पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि मंडियों में धान की खरीद धीमी गति से हो रही है। उन्होंने बारदाने की कमी और नमी के नाम पर किसानों की फसल के मूल्य में कटौती किए जाने की शिकायत भी उठाई। उनके मुताबिक, खरीद के बाद धान का समय पर उठान नहीं होने से किसानों को कई दिनों तक मंडी में इंतजार करना पड़ रहा है।

बसपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि किसानों को अपनी उपज बेचने और उचित मूल्य प्राप्त करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से मंडी व्यवस्था में सुधार कर किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने की मांग की।

बसपा ने सरकार के सामने कई मांगें रखीं। इनमें प्रदेश की मंडियों में धान की खरीद और उठान 24 घंटे के भीतर सुनिश्चित करना, बारदाने की कमी दूर करना, नमी के नाम पर कथित मनमानी कटौती रोकना और फसल बेचने के 48 घंटे के भीतर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) का भुगतान किसानों के बैंक खातों में करना शामिल है। पार्टी ने मंडियों में पेयजल, शौचालय और फसल को ढकने के लिए शेड जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग भी की।

कृष्ण जमालपुर ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया, तो बसपा प्रदेशभर की अनाज मंडियों में धरना-प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी किसानों के अधिकारों के लिए आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेगी। इस अवसर पर बसपा के कैथल जिला अध्यक्ष विनोद कुराड़, हलका प्रधान, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय किसान मौजूद रहे।


Featured News