-
☰
No image found.
मध्य प्रदेश: वासन से कटंगी तक सड़क निर्माण की मांग, धार्मिक और प्राकृतिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सर्वे की अपील
- Photo by : social media
संक्षेप
मध्य प्रदेश: पाटन क्षेत्र में सड़क सुविधा के विस्तार और धार्मिक एवं प्राकृतिक पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वासन से कोनी मोड़ होते हुए कोनी, बूढ़ी कोनी, इटवा, इमलिया, मनकुंवारा, दोहरा एवं कटंगी तक मार्ग निर्माण की मांग की गई है।
विस्तार
मध्य प्रदेश: पाटन क्षेत्र में सड़क सुविधा के विस्तार और धार्मिक एवं प्राकृतिक पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वासन से कोनी मोड़ होते हुए कोनी, बूढ़ी कोनी, इटवा, इमलिया, मनकुंवारा, दोहरा एवं कटंगी तक मार्ग निर्माण की मांग की गई है। इस संबंध में मध्यप्रदेश शासन के सांस्कृतिक एवं धार्मिक विभाग के मंत्री श्री धर्मेंद्र लोधी को पत्र भेजकर प्रस्तावित सड़क के निर्माण के लिए विशेष प्रावधान किए जाने तथा शीघ्र स्थल निरीक्षण एवं तकनीकी सर्वे कराने का अनुरोध किया गया है। पत्र में बताया गया कि पाटन–दमोह मुख्य मार्ग पर स्थित वासन से कोनी मोड़ होते हुए उक्त गांवों को जोड़ने वाला मार्ग क्षेत्र के विकास की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है। कोनी क्षेत्र में धार्मिक स्थलों के साथ भंडेर पर्वत, नदी और प्राकृतिक पर्वतीय क्षेत्र भी मौजूद हैं। सड़क निर्माण होने से ग्रामीणों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलने के साथ क्षेत्र में धार्मिक एवं प्राकृतिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिल सकता है। वर्तमान में पर्याप्त सड़क सुविधा नहीं होने के कारण ग्रामीणों, श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ता है। प्रस्तावित मार्ग बनने से आसपास के कई गांव मुख्य मार्ग से सीधे जुड़ जाएंगे, जिससे क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को गति मिलने की उम्मीद है। ज्ञापन के माध्यम से मंत्री से मांग की गई है कि क्षेत्र के धार्मिक एवं पर्यटन महत्व को देखते हुए विशेष प्रावधान के तहत सड़क निर्माण कराया जाए। साथ ही संबंधित विभाग से प्रस्तावित मार्ग का जल्द से जल्द स्थल निरीक्षण और तकनीकी सर्वे करवाकर आवश्यक स्वीकृतियां प्रदान की जाएं तथा निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर शुरू कराया जाए। क्षेत्रवासियों का कहना है कि इस मार्ग के निर्माण से ग्रामीणों की वर्षों पुरानी आवागमन की समस्या दूर होने के साथ-साथ क्षेत्र में रोजगार और पर्यटन की संभावनाएं भी बढ़ेंगी। सड़क बनने के बाद कोनी क्षेत्र को एक महत्वपूर्ण धार्मिक एवं प्राकृतिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया जा सकेगा।
