-
☰
No image found.
राजस्थान: नागौर में तिरंगा रैली से गूंजा शहर, कलेक्टर देवेंद्र कुमार ने की अगुवाई
- Photo by : social media
संक्षेप
राजस्थान: नागौर में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन की ओर से भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया।
विस्तार
राजस्थान: नागौर में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन की ओर से भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। कलेक्ट्रेट से गांधी चौक तक निकली इस रैली में प्रशासनिक अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ बीएसएफ व अन्य सैन्य बलों के जवान, एनसीसी कैडेट, स्कूल-कॉलेज के छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल हुए। हाथों में तिरंगा लेकर निकले लोगों से पूरा शहर देशभक्ति के नारों और गीतों से गूंज उठा। रैली को जिला कलेक्टर देवेंद्र कुमार ने कलेक्ट्रेट से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके बाद कलेक्टर स्वयं हाथ में तिरंगा लेकर रैली की अगुवाई करते हुए गांधी चौक तक पहुंचे। रैली में शामिल लोगों ने ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों के साथ देश के वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया। तिरंगा रैली में स्कूली और कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। प्रतिभागी देशभक्ति के गीत गाते और राष्ट्रीय ध्वज लहराते हुए आगे बढ़े। विभिन्न समूहों की ओर से देश की गौरवशाली संस्कृति, स्वतंत्रता संग्राम, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्रप्रेम को दर्शाती झांकियां एवं रचनात्मक प्रस्तुतियां भी प्रदर्शित की गईं। इन प्रस्तुतियों ने रैली को आकर्षक और प्रेरणादायी बना दिया। रैली के दौरान शहरवासियों ने भी उत्साह के साथ सहभागिता की। जगह-जगह लोगों ने तिरंगा यात्रा का स्वागत किया और देशभक्ति के नारों के साथ प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया। पूरे मार्ग पर राष्ट्रप्रेम का माहौल नजर आया।गांधी चौक पहुंचने के बाद जिला कलेक्टर देवेंद्र कुमार ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान मौजूद जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने भी गांधीजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पार्पण कर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर कलेक्टर देवेंद्र कुमार ने कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश की स्वतंत्रता, एकता, अखंडता, गौरव और बलिदान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि तिरंगे के सम्मान में आयोजित यह रैली प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करने का संदेश देती है। उन्होंने सभी नागरिकों से राष्ट्रीय पर्व को उत्साह के साथ मनाने और तिरंगे की गरिमा बनाए रखने की अपील की। रैली में पूर्व केंद्रीय मंत्री सीआर चौधरी, खींवसर विधायक रेवंत राम डांगा, पूर्व नागौर विधायक मोहन राम चौधरी, रामनिवास सांखला, पदम सारस्वत, महावीर सिंह सान्दु सहित अन्य जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। इसके अलावा अतिरिक्त जिला कलेक्टर राम रतन सौंकरिया, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रणजीत सिंह गोदारा, नागौर उपखंड अधिकारी गोविंद सिंह भिंचार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी भी रैली में शामिल हुए। रैली का समापन राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ देश की एकता, अखंडता और गौरव को बनाए रखने के संकल्प के साथ हुआ।
उत्तर प्रदेश: खुर्जा में 12वां विशाल श्री शिव कांवड़ सेवा कैंप बना श्रद्धा और सेवा का संगम
उत्तर प्रदेश: लाइफ लाइन हॉस्पिटल में 23 अगस्त को निःसंतानता परामर्श शिविर
उत्तर प्रदेश: मेहनत और लगन से रासबिहारी प्रसाद बने मुख्य आरक्षी परिवहन
उत्तर प्रदेश: DM ने जनसुनवाई में सुनी फरियाद, अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश
उत्तर प्रदेश: शिक्षक पर लापरवाही और धमकी के आरोप, ग्रामीणों ने निष्पक्ष जांच की मांग उठाई
उत्तर प्रदेश: CM योगी के विरोध की तैयारी नाकाम, सपा नेता रमेश चंद यादव हाउस अरेस्ट
