-
☰
No image found.
उत्तर प्रदेश: सऊदी अरब में 26 वर्षीय युवक की हार्ट अटैक से हुई मौत, शादी के सपने हुए अधूरे
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: सीबीगंज थाना क्षेत्र के गोबिंदापुर गांव निवासी 26 वर्षीय अकलीम खान की सऊदी अरब के रियाद में हार्ट अटैक से मौत हो गई। अकलीम वहां प्लंबर का काम करता था।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: सीबीगंज थाना क्षेत्र के गोबिंदापुर गांव निवासी 26 वर्षीय अकलीम खान की सऊदी अरब के रियाद में हार्ट अटैक से मौत हो गई। अकलीम वहां प्लंबर का काम करता था। सोमवार सुबह उसकी मौत की खबर जैसे ही परिवार को मिली, घर में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अकलीम के पिता मुज्जमिल के मुताबिक, बेटा रोजगार के सिलसिले में सऊदी अरब गया था और परिवार के लोगों से उसकी लगातार बातचीत होती रहती थी। परिजन उसके वापस भारत लौटने का इंतजार कर रहे थे। इसी बीच अचानक उसकी मौत की खबर आने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। अकलीम के फुफेरे भाई बाबू खान ने बताया कि वह अविवाहित था और परिवार उसके लिए रिश्ता तलाश रहा था। परिजनों को उम्मीद थी कि अकलीम सऊदी अरब से वापस आएगा, जिसके बाद उसका रिश्ता तय कर शादी की जाएगी। परिवार जिस बेटे के सिर पर सेहरा सजाने का सपना देख रहा था, उसकी अचानक मौत की खबर ने सभी को सदमे में डाल दिया। परिजनों के अनुसार अकलीम का शव भारत लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सऊदी अरब में जरूरी कागजी कार्रवाई की जा रही है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद करीब दो दिन में शव भारत पहुंचने की उम्मीद है। इसके बाद शव को पैतृक गांव गोबिंदापुर लाया जाएगा, जहां कब्रिस्तान में उसे सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। अकलीम की मौत की खबर मिलने के बाद रिश्तेदार और परिचित परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं। घर में मातम का माहौल है और परिजन अब उसके शव के गांव पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं।
