-
☰
No image found.
उत्तर प्रदेश: 10% विकसित प्लॉट के मुद्दे पर किसानों की हुई बड़ी बैठक, 5 अक्टूबर तक लखनऊ में वार्ता का मिला आश्वासन
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पर किसान संघर्ष मोर्चा के लगातार आंदोलन के बीच किसानों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच करीब तीन घंटे तक मैराथन बैठक हुई।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पर किसान संघर्ष मोर्चा के लगातार आंदोलन के बीच किसानों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच करीब तीन घंटे तक मैराथन बैठक हुई। बैठक में तीनों प्राधिकरणों के मुख्य कार्यपालक अधिकारी, जिलाधिकारी और जॉइंट पुलिस कमिश्नर मौजूद रहे। इस दौरान किसानों के 10% विकसित प्लॉट समेत कई मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में अधिकारियों की ओर से बताया गया कि 10% प्लॉट के प्रस्ताव को लेकर शासन स्तर से कुछ सवाल किए गए हैं। इनके जवाब और जरूरी दस्तावेज तैयार करने के लिए 21 सितंबर तक होमवर्क पूरा करने की बात कही गई। इसके बाद 5 अक्टूबर तक लखनऊ में मुख्य सचिव और इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कमिश्नर के स्तर पर वार्ता कराने का आश्वासन दिया गया। किसान संघर्ष मोर्चा ने अधिकारियों के आश्वासन के बाद ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पर चल रहे धरने को 5 अक्टूबर तक स्थगित कर दिया है। किसान नेताओं का कहना है कि अगर तय समय सीमा में ठोस कार्रवाई नहीं हुई या आश्वासन पूरा नहीं हुआ, तो 6 अक्टूबर से दोबारा पक्का मोर्चा लगाकर दिन-रात धरना शुरू किया जाएगा। किसान सभा के जिला अध्यक्ष डॉ. रुपेश वर्मा ने कहा कि किसान संघर्ष मोर्चा पिछले करीब डेढ़ साल से 10% विकसित प्लॉट के मुद्दे को लेकर लगातार आंदोलन कर रहा है। उनके मुताबिक वर्ष 2024 में ही तीनों प्राधिकरणों की बोर्ड बैठकों से 10% प्लॉट को लेकर प्रस्ताव पारित कर शासन को भेजे जा चुके हैं। किसान नेताओं ने बताया कि आबादी, नए कानून और भूमिहीनों की दुकानों के आवंटन समेत अन्य मांगों पर भी प्राधिकरण स्तर से 15 अक्टूबर तक कार्रवाई का आश्वासन मिला है। किसान परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखबीर खलीफा और किसान एकता संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सोरन प्रधान ने कहा कि किसानों की मांगों को लेकर संघर्ष आगे भी जारी रहेगा। वहीं किसान सभा के वीर सिंह नागर ने किसानों को आंदोलन के लिए बधाई देते हुए 5 अक्टूबर तक धरना स्थगित करने की घोषणा की। अब किसानों की नजर 5 अक्टूबर को होने वाली लखनऊ की वार्ता पर है। किसान संघर्ष मोर्चा ने साफ किया है कि अगर तय समय में ठोस समाधान नहीं निकला, तो 6 अक्टूबर से आंदोलन को फिर तेज किया जाएगा।
उत्तर प्रदेश: मीरगंज चीनी मिल में श्रद्धा और उत्साह के साथ हुई विश्वकर्मा पूजा
गुजरात: धूलचोंड स्कूल में पीएम मोदी का 76वां जन्मदिन मनाया गया
मध्य प्रदेश: टिमरनी में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, पनीर समेत कई खाद्य पदार्थों की करी जांच
उत्तर प्रदेश: बढ़ती खुदरा कीमतों पर लगाम की कवायद, नोएडा में ₹35 किलो प्याज की बिक्री हुई शुरू
