Contact for Advertisement 9650503773


उत्तर प्रदेश: स्व स्वर्गीय श्री प्रदीप अग्रवाल जी की स्मृति में खुर्जा में भव्य कवि सम्मेलन का किया आयोजन

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश  Published by: Jay Prakash Sharma , उत्तर प्रदेश  Edited By: Yashoda, Date: 17/06/2026 04:24:31 pm Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by.: Jay Prakash Sharma ,
  • Edited By.: Yashoda,
  • Date:
  • 17/06/2026 04:24:31 pm
Share:

संक्षेप

उत्तर प्रदेश: खुर्जा के प्रख्यात समाजसेवी एवं उद्योगपति तथा ओम टिंबर एंड प्लाईवुड के संस्थापक स्वर्गीय श्री प्रदीप अग्रवाल जी की पुण्य स्मृति में 16 जून 2026 को खुर्जा ट्रेड फेयर एवं लंदन सिटी कार्निवाल (एसएमजेईसी मैदान, खुर्जा) में एक भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया।

विस्तार

उत्तर प्रदेश: खुर्जा के प्रख्यात समाजसेवी एवं उद्योगपति तथा ओम टिंबर एंड प्लाईवुड के संस्थापक स्वर्गीय श्री प्रदीप अग्रवाल जी की पुण्य स्मृति में 16 जून 2026 को खुर्जा ट्रेड फेयर एवं लंदन सिटी कार्निवाल (एसएमजेईसी मैदान, खुर्जा) में एक भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। काव्य साधना मंच, शाखा खुर्जा के तत्वावधान में आयोजित यह कार्यक्रम सायं 8 बजे से देर रात तक चला, जिसमें बड़ी संख्या में साहित्य प्रेमियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का शुभारंभ गोला फोड़कर एवं फीता काटकर किया गया। तत्पश्चात अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया गया। सभी अतिथियों का माल्यार्पण एवं पटका पहनाकर भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम में एडीजे श्री दिलीप कुमार सचान तथा उत्तर प्रदेश राज्य विधिक परिषद के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता श्री शिव किशोर गौड़ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। भारतीय जनता पार्टी के खुर्जा नगर अध्यक्ष श्री सचिन शर्मा एवं नगर पालिका परिषद खुर्जा की अध्यक्ष श्रीमती अंजना सिंघल विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम में सम्मिलित हुईं।

कवि सम्मेलन में सुप्रसिद्ध कवि सौरभ जैन ‘सुमन’ प्रतिनिधि अतिथि कवि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ देश के विभिन्न नगरों से आए प्रतिष्ठित कवि एवं कवयित्रियों ने अपनी ओजपूर्ण, भावपूर्ण एवं उत्कृष्ट काव्य प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। इनमें डॉ. चंद्रमणि ब्रह्मदत्त (दिल्ली), अंजना जैन (नोएडा), रंजन शर्मा ‘पक्का बिहारी’, संजय शर्मा ‘रुद्र’ (बाराबंकी), नीलम नीलमणि (गाजियाबाद), स्वाति गोयल (गाजियाबाद) तथा रुद्राणी पूनम शर्मा प्रमुख रहीं। बाल कवयित्री सानवी जैन ने भी अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति से उपस्थित जनसमूह की विशेष सराहना प्राप्त की। इसके अतिरिक्त खुर्जा के राष्ट्रीय कवि जय किशन ‘जय’ तथा साहित्यप्रेमी के.सी. गौड़ की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। कवि सम्मेलन ने न केवल खुर्जा की साहित्यिक एवं सांस्कृतिक परंपरा को नई दिशा प्रदान की, बल्कि एक स्वस्थ एवं प्रेरणादायी साहित्यिक वातावरण के निर्माण की भी आधारशिला रखी।

काव्य साधना मंच की संस्थापक एवं अध्यक्ष डॉ. साधना अग्रवाल ‘साधिका’ ने बताया कि सभी आमंत्रित अतिथियों एवं कवियों को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। उन्होंने नगर एवं आसपास के क्षेत्रों से आए सभी साहित्य प्रेमियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग एवं उत्साहपूर्ण सहभागिता ने इस काव्य संध्या को अविस्मरणीय बना दिया। समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया के जिला अध्यक्ष डी.सी. गुप्ता ने कहा कि यह आयोजन स्वर्गीय श्री प्रदीप अग्रवाल जी की पुण्य स्मृति को समर्पित एक ऐतिहासिक श्रद्धांजलि सिद्ध हुआ है। साथ ही यह साहित्यिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने वाला एक महत्वपूर्ण प्रयास भी साबित हुआ। कार्यक्रम के दौरान श्रोताओं ने देर रात तक कविताओं का रसास्वादन किया और कवियों की प्रस्तुतियों पर भरपूर उत्साह व्यक्त किया।