-
☰
No image found.
उत्तर प्रदेश: बरेली रेंज के नए डीआईजी बने मुनिराज जी, अजय कुमार साहनी का मुरादाबाद तबादला
- Photo by : SOCIAL MEDIA
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: मंडल बरेली पुलिस रेंज में बड़ा बदलाव हुआ है। डीआईजी अजय कुमार साहनी का मुरादाबाद रेंज तबादला कर दिया गया है। उनकी जगह मुरादाबाद रेंज के डीआईजी मुनिराज जी को बरेली की कमान सौंपी गई है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: मंडल बरेली पुलिस रेंज में बड़ा बदलाव हुआ है। डीआईजी अजय कुमार साहनी का मुरादाबाद रेंज तबादला कर दिया गया है। उनकी जगह मुरादाबाद रेंज के डीआईजी मुनिराज जी को बरेली की कमान सौंपी गई है। शासन ने गुरुवार देर रात आईपीएस अधिकारियों की तैनाती में फेरबदल करते हुए दोनों अधिकारियों की अदला-बदली कर दी। मुनिराज की बरेली में यह दूसरी पारी होगी। वह इससे पहले जिले में एसएसपी की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। अजय कुमार साहनी के कार्यकाल को किया जाएगा याद डीआईजी अजय कुमार साहनी ने पांच मई 2025 को बरेली रेंज की जिम्मेदारी संभाली थी। उनके कार्यकाल में पुलिसिंग, कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को लेकर कई स्तरों पर काम हुआ। पुलिस विभाग में उनकी कार्यशैली और सक्रियता की चर्चा रही। उनके कार्यकाल की एक बड़ी उपलब्धि यह भी रही कि अगस्त 2026 में उन्हें तीसरी बार राष्ट्रपति वीरता पदक से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें मेरठ में एसएसपी रहते हुए वर्ष 2020 में किए गए साहसिक पुलिस ऑपरेशन के लिए मिला था। अजय कुमार साहनी अब मुरादाबाद रेंज में डीआईजी की जिम्मेदारी संभालेंगे। खास बात यह है कि उनका मुरादाबाद से पुराना जुड़ाव भी रहा है। मुनिराज की बरेली में होगी दूसरी पारी मुरादाबाद रेंज के डीआईजी मुनिराज जी अब बरेली रेंज के नए डीआईजी होंगे। वर्ष 2009 बैच के आईपीएस अधिकारी मुनिराज इससे पहले जुलाई 2018 में बरेली के एसएसपी बनाए गए थे। उन्होंने अगस्त 2019 तक जिले की कमान संभाली थी। उस समय उनकी पहचान सक्रिय पुलिसिंग और फिटनेस को लेकर भी रही थी। करीब सात साल बाद मुनिराज एक बार फिर बरेली लौट रहे हैं, लेकिन इस बार जिम्मेदारी जिले के पुलिस कप्तान की नहीं, बल्कि पूरे बरेली परिक्षेत्र की होगी। उनके कार्यक्षेत्र में बरेली के साथ बदायूं, पीलीभीत और शाहजहांपुर के पुलिस प्रशासन की निगरानी भी शामिल होगी। तीन आईपीएस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव शासन की ओर से जारी फेरबदल में केवल बरेली और मुरादाबाद रेंज के डीआईजी ही नहीं बदले गए हैं। आगरा पुलिस कमिश्नरेट में अपर पुलिस उपायुक्त के पद पर तैनात आईपीएस मनोज कुमार यादव को लखनऊ में राज्यपाल का परिसहाय (एडीसी) नियुक्त किया गया है। इस बदलाव के साथ बरेली रेंज को नया नेतृत्व मिल गया है।
Chhath Puja 2026: नहाय-खाय के साथ छठ पूजा का शुभारंभ, चार दिनों तक गूंजेगी सूर्य उपासना की आस्था
