Contact for Advertisement 9650503773


उत्तर प्रदेश: सेमरियावां में तेज हवा-बारिश से बिजली व्यवस्था प्रभावित, 80% क्षेत्र में आपूर्ति बहाल

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश  Published by: Irshad Ahmad , उत्तर प्रदेश  Edited By: Yashoda, Date: 28/09/2026 02:39:36 pm Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by.: Irshad Ahmad ,
  • Edited By.: Yashoda,
  • Date:
  • 28/09/2026 02:39:36 pm
Share:

संक्षेप

उत्तर प्रदेश: सेमरियावां तेज हवाओं और लगातार हो रही बारिश का असर क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था पर भी पड़ा। शुक्रवार रात से करमाखान विद्युत उपकेंद्र से जुड़े कई इलाकों में बिजली आपूर्ति प्रभावित रही।

विस्तार

उत्तर प्रदेश: सेमरियावां तेज हवाओं और लगातार हो रही बारिश का असर क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था पर भी पड़ा। शुक्रवार रात से करमाखान विद्युत उपकेंद्र से जुड़े कई इलाकों में बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। तेज हवा के दौरान कई स्थानों पर पूरे पेड़ उखड़कर गिर गए, पेड़ों की बड़ी शाखाएं और टहनियां विद्युत लाइनों पर आ गिरीं, जबकि कुछ स्थानों पर बिजली के पोल भी गिर गए। इससे विद्युत लाइनों में फाल्ट आने और आपूर्ति बाधित होने की स्थिति बनी। खराब मौसम के बीच बिजली व्यवस्था प्रभावित होने से उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं, पेड़ और पोल गिरने की तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद ग्रामीणों में यह चिंता भी रही कि क्षतिग्रस्त विद्युत व्यवस्था को सामान्य करने में समय लग सकता है। इन परिस्थितियों के बावजूद विद्युत विभाग की टीमें लगातार फाल्ट तलाशने और आपूर्ति बहाल करने में जुटी रहीं।

 बीएमसीटी मार्ग समेत कई जगह प्रभावित हुई लाइन

तेज हवाओं के कारण बीएमसीटी मार्ग समेत कई स्थानों पर पेड़ और उनकी बड़ी शाखाएं बिजली की मुख्य लाइनों पर गिर गईं। कई जगह बिजली के पोल भी प्रभावित हुए। इससे लाइन में फाल्ट आने के साथ आपूर्ति बाधित हुई। विभागीय कर्मचारियों ने प्रभावित स्थानों पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और विद्युत लाइनों से गिरे पेड़ व टहनियां हटाने के साथ क्षतिग्रस्त व्यवस्था को दुरुस्त करने का काम शुरू किया।

 सुबह से शाम तक पेट्रोलिंग और मरम्मत

रविवार को अवर अभियंता इंद्रेश कुमार गुप्ता के नेतृत्व में विभागीय टीमों ने सुबह से ही विभिन्न क्षेत्रों में पेट्रोलिंग की। कर्मचारियों ने फाल्ट वाले स्थानों को चिन्हित किया और प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कार्य आगे बढ़ाया। इस दौरान संविदा कर्मी सिराज अहमद, लाइनमैन मोहम्मद अकरम समेत अन्य विद्युतकर्मी भी लगातार कार्य में जुटे रहे।

 शाम तक 80 प्रतिशत क्षेत्र में लौटी बिजली

विद्युत विभाग की टीम के लगातार प्रयासों के बाद रविवार शाम तक करमाखान विद्युत उपकेंद्र से जुड़े करीब 80 प्रतिशत क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी गई। बिजली आने के बाद लंबे समय से आपूर्ति का इंतजार कर रहे उपभोक्ताओं ने राहत की सांस ली। हालांकि कुछ स्थानों पर फाल्ट और क्षतिग्रस्त विद्युत व्यवस्था को दुरुस्त करने का कार्य जारी रहा।

 ग्रामीणों ने सराहा विद्युतकर्मियों का प्रयास

ग्रामीण जावेद अख्तर, प्रदीप कुमार, नफीस अहमद, मनोज कुमार, मसूद अहमद, अंजार और राम सागर ने बताया कि तेज हवाओं और बारिश के दौरान जिस तरह जगह-जगह पूरे पेड़ और बिजली के पोल गिरने की तस्वीरें सामने आ रही थीं, उससे बिजली आपूर्ति जल्द बहाल होने को लेकर संशय था। ऐसे में विभागीय कर्मचारियों द्वारा लगातार मौके पर काम कर शाम तक करीब 80 प्रतिशत क्षेत्र में आपूर्ति बहाल करना राहत की बात है।

ग्रामीणों ने कहा कि कर्मचारियों ने खराब मौसम के बीच प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर फाल्ट तलाशने, गिरे पेड़ों को हटाने और विद्युत लाइनों की मरम्मत का काम किया। उन्होंने विभागीय टीम के प्रयास की सराहना करते हुए शेष प्रभावित क्षेत्रों में भी जल्द बिजली आपूर्ति सामान्य होने की उम्मीद जताई।

 आज ही शेष समस्या दूर करने का प्रयास

 अवर अभियंता इंद्रेश कुमार गुप्ता ने बताया कि तेज हवाओं और बारिश के कारण कई स्थानों पर पेड़ और बिजली के पोल गिरने से विद्युत लाइनों को नुकसान पहुंचा है। विभागीय टीम लगातार फाल्ट दूर करने में लगी है। करीब 80 प्रतिशत क्षेत्र में आपूर्ति बहाल की जा चुकी है। शेष प्रभावित स्थानों पर भी कर्मचारी काम कर रहे हैं और प्रयास है कि बची हुई समस्या का जल्द से जल्द, आज ही समाधान कर विद्युत आपूर्ति सामान्य कर दी जाए। उन्होंने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में लाइन और विद्युत उपकरणों की स्थिति की जांच की जा रही है। मरम्मत के दौरान सुरक्षा मानकों का ध्यान रखते हुए कार्य कराया जा रहा है, ताकि विद्युत व्यवस्था को सुरक्षित तरीके से सामान्य किया जा सके।


Featured News