Contact for Advertisement 9650503773


उत्तराखंड: पिथौरागढ़ में जनसुनवाई: पेयजल, सड़क व सुरक्षा मामलों पर जिलाधिकारी ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

- Photo by : social media

उत्तराखंड  Published by: Likhit Pant , उत्तराखंड  Edited By: Kunal, Date: 01/06/2026 04:31:13 pm Share:
  • उत्तराखंड
  • Published by.: Likhit Pant ,
  • Edited By.: Kunal,
  • Date:
  • 01/06/2026 04:31:13 pm
Share:

संक्षेप

उत्तराखंड: प्रत्येक सोमवार को आयोजित होने वाले नियमित जनसुनवाई दिवस के अंतर्गत आज जिला सभागार में जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई की अध्यक्षता में आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों को सुना गया।

विस्तार

उत्तराखंड: प्रत्येक सोमवार को आयोजित होने वाले नियमित जनसुनवाई दिवस के अंतर्गत आज जिला सभागार में जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई की अध्यक्षता में आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों को सुना गया। जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों एवं ग्रामीणों ने जनहित से जुड़े अनेक प्रकरण जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किए, जिन पर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। टकाड़ी ग्राम सभा के ग्रामीणों ने आंवलाघाट पेयजल योजना से मुख्य लाइन में अवैध कनेक्शन जोड़े जाने की शिकायत करते हुए बताया कि इससे जलाशयों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा है और क्षेत्र में पेयजल संकट उत्पन्न हो गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता, जल निगम को तत्काल जांच कर अवैध कनेक्शनों को चिन्हित करते हुए पेयजल आपूर्ति सुचारु करने के निर्देश दिए।

ग्राम सुवाकोट में प्राथमिक विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र एवं पंचायत भवन में तोड़फोड़ और चोरी की घटनाओं की शिकायत पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों एवं पुलिस प्रशासन को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुनस्यारी क्षेत्र से प्राप्त प्रस्तावों में ग्राम पंचायत पाँगला में नियमित पेयजल आपूर्ति, ग्राम सभा जोशा से पंचाचूली बेस कैंप तक रोपवे निर्माण तथा बाजानी-सुगड़िया झरने तक अश्व एवं ट्रैकिंग मार्ग विकसित किए जाने की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को प्रस्तावों का परीक्षण कर व्यवहारिकता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

ऐंचोली क्षेत्र के निवासियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ी क्षतिग्रस्त सड़क एवं लंबे समय से अधूरे पड़े नाली निर्माण कार्य को लेकर शिकायत दर्ज कराई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग को स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्य की गुणवत्ता, प्रगति एवं उत्तरदायित्व की जांच करते हुए शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में एक दिव्यांगजन द्वारा कृत्रिम अंग बदलने का अनुरोध भी प्रस्तुत किया गया। जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग को आवश्यक परीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

इसके अतिरिक्त औलतड़ी, घिघरानी एवं भागीचौरा क्षेत्र के ग्रामीणों ने औलतड़ी-भागीचौरा मोटर मार्ग का विस्तारीकरण घिघरानी तक किए जाने की मांग रखी, जिस पर संबंधित विभाग को आवश्यक परीक्षण एवं कार्रवाई के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने जनसुनवाई में प्राप्त सभी शिकायतों एवं मांगपत्रों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश देते हुए कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा प्रत्येक शिकायत का प्रभावी समाधान प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाएगा। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी योगेन्द्र सिंह, उपजिलाधिकारी सदर जितेन्द्र वर्मा, जिला विकास अधिकारी रमा गोस्वामी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


Featured News