Contact for Advertisement 9650503773



मध्य प्रदेश: रतनगढ़ माता मार्ग पर अधूरा स्वागत गेट बना हादसे का खतरा

- Photo by : social media

मध्य प्रदेश  Published by: Shyam Singh Rana , मध्य प्रदेश  Edited By: Namita Chauhan, Date: 12/05/2026 01:58:23 pm Share:
  • मध्य प्रदेश
  • Published by.: Shyam Singh Rana ,
  • Edited By.: Namita Chauhan,
  • Date:
  • 12/05/2026 01:58:23 pm
Share:

संक्षेप

मध्य प्रदेश: दतिया जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल रतनगढ़ माता धाम जाने वाले मार्ग पर भगुवापुरा पंचायत क्षेत्र में निर्माणाधीन स्वागत गेट अब श्रद्धालुओं के लिए खतरे का कारण बनता जा रहा है।

विस्तार

मध्य प्रदेश: दतिया जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल रतनगढ़ माता धाम जाने वाले मार्ग पर भगुवापुरा पंचायत क्षेत्र में निर्माणाधीन स्वागत गेट अब श्रद्धालुओं के लिए खतरे का कारण बनता जा रहा है। स्थानीय ग्रामीणों एवं श्रद्धालुओं ने आरोप लगाया है कि भगुवापुरा से रतनगढ़ माता धाम के लिए बनाया जा रहा गेट लंबे समय से अधूरा पड़ा हुआ है और उसकी स्थिति बेहद जर्जर हो चुकी है। ग्रामीणों का कहना है कि गेट में जगह-जगह दरारें दिखाई दे रही हैं तथा ऊपर लगी टाइल्स और अन्य निर्माण सामग्री लगातार नीचे गिर रही है। ऐसे में कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु इस मार्ग से माता रानी के दर्शन करने गुजरते हैं, जिससे लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य में भारी लापरवाही एवं घटिया गुणवत्ता की सामग्री उपयोग किए जाने के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों की मिलीभगत के चलते निर्माण कार्य मानकों के अनुरूप नहीं किया गया। निर्माण शुरू होने के बाद से ही कार्य बंद पड़ा हुआ है और गेट कमजोर स्थिति में खड़ा है। ग्रामीणों ने बताया कि इससे पहले चरोखरा गांव में भी रतनगढ़ माता मार्ग पर बनाया गया स्वागत गेट निर्माण की खराब गुणवत्ता के कारण गिर चुका है, लेकिन इसके बावजूद प्रशासन ने कोई सबक नहीं लिया। अब भगुवापुरा का यह गेट भी उसी स्थिति में पहुंच गया है।स्थानीय नागरिकों एवं श्रद्धालुओं ने जिला प्रशासन से मांग की है कि तत्काल निर्माणाधीन गेट की तकनीकी जांच कराई जाए, दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए मजबूत एवं गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराया जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।