-
☰
No image found.
उत्तर प्रदेश: 28 नवंबर को संतकबीरनगर में लगेगी विशेष लोक अदालत, वाहन चालानों का होगा निस्तारण
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: वाहन चालानों के निस्तारण के लिए आगामी 28 नवंबर को न्यायालय परिसर में विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इसमें यातायात नियमों के उल्लंघन से संबंधित लंबित चालानों का निस्तारण कराया जा सकेगा।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: वाहन चालानों के निस्तारण के लिए आगामी 28 नवंबर को न्यायालय परिसर में विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इसमें यातायात नियमों के उल्लंघन से संबंधित लंबित चालानों का निस्तारण कराया जा सकेगा। लोक अदालत सुबह 10 बजे से शुरू होगी। इसकी तैयारियों और अधिक से अधिक लोगों तक जानकारी पहुंचाने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने जागरूकता अभियान तेज कर दिया है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सुश्री अनन्या साह ने लोक अदालत की तैयारियों को लेकर पैरा लीगल वालंटियर्स के साथ बैठक की। उन्होंने बताया कि इलाहाबाद हाईकोर्ट के निर्देश पर विशेष लोक अदालत आयोजित की जा रही है। इसका उद्देश्य वाहन चालानों से संबंधित मामलों का अधिक से अधिक संख्या में निस्तारण कराना है, ताकि संबंधित वाहन स्वामियों को अनावश्यक परेशानी से राहत मिल सके। बैठक में सचिव ने पैरा लीगल वालंटियर्स को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में शिविरों और जनसंपर्क के माध्यम से विशेष लोक अदालत का व्यापक प्रचार-प्रसार करें। लोगों को इसकी तिथि, समय और उद्देश्य की जानकारी दें, जिससे अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें। जनसंपर्क के माध्यम से लोगों को करेंगे जागरूक सचिव अनन्या साह ने कहा कि लोक अदालत के प्रति आम नागरिकों को जागरूक करना जरूरी है। इसके लिए पैरा लीगल वालंटियर्स लोगों से संपर्क कर उन्हें वाहन चालानों के निस्तारण के लिए न्यायालय परिसर में आयोजित होने वाली विशेष लोक अदालत में पहुंचने के लिए प्रेरित करेंगे। उन्होंने अभियान को प्रभावी बनाने और अधिक से अधिक लोगों तक सूचना पहुंचाने पर जोर दिया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से वाहन चालान से संबंधित मामलों के निस्तारण के लिए लोगों से 28 नवंबर को आयोजित विशेष लोक अदालत का लाभ उठाने की अपील की गई है।
