Contact for Advertisement 9650503773


हरियाणा: झज्जर में हर घर तिरंगा अभियान का आगाज, DC ने वीडियो वैन को दिखाई हरी झंडी

- Photo by : social media

हरियाणा  Published by: Rajput Ranjeet , हरियाणा  Edited By: Kunal Tewatia, Date: 10/08/2026 04:56:03 pm Share:
  • हरियाणा
  • Published by.: Rajput Ranjeet ,
  • Edited By.: Kunal Tewatia,
  • Date:
  • 10/08/2026 04:56:03 pm
Share:

संक्षेप

हरियाणा: झज्जर में देशभक्ति, राष्ट्रीय गौरव और जनभागीदारी की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से झज्जर जिले में रविवार को ‘हर घर तिरंगा’ और ‘वंदे मातरम्’ अभियान का भव्य शुभारंभ किया गया।

विस्तार

हरियाणा: झज्जर में देशभक्ति, राष्ट्रीय गौरव और जनभागीदारी की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से झज्जर जिले में रविवार को ‘हर घर तिरंगा’ और ‘वंदे मातरम्’ अभियान का भव्य शुभारंभ किया गया। अभियान के तहत जिला प्रशासन की ओर से विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें उपायुक्त वर्षा खांगवाल ने ‘देश के नाम संदेश’ थीम पर तैयार विशेष वीडियो वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग की ओर से तैयार यह वीडियो वैन जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को अभियान के प्रति जागरूक करेगी। झज्जर हरियाणा का एकमात्र जिला बताया गया है, जहां ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत ‘देश के नाम संदेश’ थीम पर विशेष प्रचार वाहन के माध्यम से लोगों को राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

इस अवसर पर डीसी वर्षा खांगवाल ने वीडियो वैन पर स्वयं ‘देश के नाम संदेश’ लिखकर अभियान के प्रति अपनी भागीदारी दर्ज कराई। इसके बाद उन्होंने लघु सचिवालय परिसर में बनाए गए तिरंगा और ‘वंदे मातरम्’ थीम आधारित सेल्फी पॉइंट का रिबन काटकर उद्घाटन किया। सेल्फी पॉइंट के माध्यम से आमजन को अभियान से जोड़ने और देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। डीसी ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ और ‘वंदे मातरम्’ अभियान देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और गौरव से जुड़ा जनभागीदारी का महाअभियान है। उन्होंने कहा कि झज्जर सैनिक बाहुल्य क्षेत्र है और यहां के अनेक वीर देश की सेवा में अपना योगदान दे रहे हैं। ऐसे में प्रत्येक नागरिक को अभियान में सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए।

उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपने घर, कार्यालय और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर राष्ट्रीय ध्वज को पूरे सम्मान के साथ फहराएं। साथ ही जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, शिक्षण संस्थानों और विभिन्न संस्थाओं से अभियान को जन आंदोलन का रूप देने के लिए सहयोग करने का आह्वान किया। अभियान 9 अगस्त से 17 अगस्त तक चलेगा। इस दौरान वीडियो वैन जिले के विभिन्न गांवों और शहरी क्षेत्रों में जाकर लोगों को जागरूक करेगी। प्रशासन की ओर से अभियान में अधिक से अधिक नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

कार्यक्रम में पूर्व सैनिक संगठन के पदाधिकारियों सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। एडीसी जगनिवास, जिला परिषद के सीईओ मनीष फोगाट, सीटीएम रितु, डीईओ रतिंद्र सिंह, डीआईपीआरओ दिनेश कुमार, जीएम रोडवेज अनित यादव और डीएसओ सतेंद्र कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी कार्यक्रम में शामिल हुए। जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की कि वे राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और देशभक्ति की भावना के साथ इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और ‘हर घर तिरंगा’ के संदेश को पूरे जिले में मजबूत बनाएं।