-
☰
No image found.
मध्य प्रदेश: मुरैना जनसुनवाई में 287 आवेदनों पर सुनवाई, अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण के निर्देश
- Photo by : NCR SAMACHAR
संक्षेप
मध्य प्रदेश: शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित होने वाली जनसुनवाई के तहत इस सप्ताह भी आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों के निराकरण के लिए जनसुनवाई आयोजित की गई।
विस्तार
मध्य प्रदेश: शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित होने वाली जनसुनवाई के तहत इस सप्ताह भी आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों के निराकरण के लिए जनसुनवाई आयोजित की गई। कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ के निर्देशन में मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत श्री कमलेश कुमार भार्गव ने नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता, संवेदनशीलता एवं आत्मीयता के साथ सुना तथा उनके त्वरित, प्रभावी और संतोषजनक निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 287 आवेदन प्राप्त हुए। जनसुनवाई में नागरिकों ने राजस्व एवं भूमि विवाद, छात्रवृत्ति, अतिथि शिक्षक, स्वास्थ्य, सामाजिक न्याय, पेंशन, स्वच्छता, अतिक्रमण, सिंचाई तथा अन्य विभागों से संबंधित समस्याओं एवं शिकायतों के आवेदन प्रस्तुत किए। प्राप्त सभी आवेदनों का गंभीरतापूर्वक परीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि प्रत्येक प्रकरण को जन आकांक्षा पोर्टल पर दर्ज कर नियमानुसार समय-सीमा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री भार्गव ने कहा कि जनसुनवाई शासन की ऐसी प्रभावी व्यवस्था है, जिसके माध्यम से आमजन की समस्याओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों एवं आवेदनों का निराकरण पूर्ण संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ किया जाए तथा किसी भी प्रकरण को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर और सुगमता से पहुंचाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनसुनवाई के दौरान डिप्टी कलेक्टर श्री भरत कुमार सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
