-
☰
No image found.
उत्तर प्रदेश: 24 घंटे में कछवां पुलिस ने स्वर्ण व्यवसायी लूटकांड का किया खुलासा, तीन शातिर आरोपी हुए गिरफ्तार
- Photo by : SOCIAL MEDIA
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: मीरजापुर कछवां थाना क्षेत्र में स्वर्ण व्यवसायी से हुई लूट की वारदात का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा करते हुए तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: मीरजापुर कछवां थाना क्षेत्र में स्वर्ण व्यवसायी से हुई लूट की वारदात का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा करते हुए तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से लूटे गए आभूषण, घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल, एक मोबाइल फोन तथा एक अवैध देशी तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, 28 जून 2026 की शाम जलालपुर स्थित अपनी आभूषण की दुकान बंद कर कछवां लौट रहे स्वर्ण व्यवसायी अजय केशरी से सबेसर के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया था। घटना के बाद पीड़ित की तहरीर पर थाना कछवां में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में तीन विशेष टीमों का गठन किया गया। टीमों ने सीसीटीवी फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और सर्विलांस की मदद से त्वरित जांच करते हुए 29 जून को संयुक्त कार्रवाई में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान गणेश प्रताप सिंह निवासी बगहा, चुनार; अमन दुबे निवासी ककरा पार, जहांगीरगंज, अंबेडकरनगर तथा कपिल यादव निवासी मझवां, कछवां के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पांच पायल (सफेद धातु), दो टॉप्स (पीली धातु), एक लॉकेट (पीली धातु), घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल, एक मोबाइल फोन तथा .315 बोर का एक देशी तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। पूछताछ के दौरान आरोपी अमन दुबे ने बताया कि उसकी मुलाकात जेल में गणेश प्रताप सिंह से हुई थी। बाद में दोनों ने कपिल यादव के साथ मिलकर लूट की वारदातों को अंजाम देना शुरू किया। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि मुख्य आरोपी गणेश प्रताप सिंह पर हत्या, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट और एससी/एसटी एक्ट सहित कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं अमन दुबे के खिलाफ भी लूट, आर्म्स एक्ट समेत कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से कछवां पुलिस की सक्रियता और प्रभावी विवेचना की सराहना की जा रही है।
मध्य प्रदेश: सहकारी सप्ताह के तहत कलेक्ट्रेट परिसर में पौधरोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
