Contact for Advertisement 9650503773


उत्तर प्रदेश: हमीरपुर में व्यापारी कल्याण दिवस पर शीर्ष करदाताओं का सम्मान, भामाशाह के योगदान को किया गया याद

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश  Published by: Radha Krashna , उत्तर प्रदेश  Edited By: Kunal, Date: 30/06/2026 11:38:21 am Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by.: Radha Krashna ,
  • Edited By.: Kunal,
  • Date:
  • 30/06/2026 11:38:21 am
Share:

संक्षेप

उत्तर प्रदेश: दानवीर भामाशाह जी की जयंती के अवसर पर सोमवार को ए.पी.जे. अब्दुल कलाम सभागार, हमीरपुर में "व्यापारी कल्याण दिवस" के अंतर्गत "सर्वोच्च राजस्व कर एवं समाज में विशेष योगदान देने वाले व्यापारियों का सम्मान समारोह" का गरिमापूर्ण आयोजन किया गया।

विस्तार

उत्तर प्रदेश: दानवीर भामाशाह जी की जयंती के अवसर पर सोमवार को ए.पी.जे. अब्दुल कलाम सभागार, हमीरपुर में "व्यापारी कल्याण दिवस" के अंतर्गत "सर्वोच्च राजस्व कर एवं समाज में विशेष योगदान देने वाले व्यापारियों का सम्मान समारोह" का गरिमापूर्ण आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी श्री राकेश कुमार ने की, जबकि नगर पालिका परिषद हमीरपुर के अध्यक्ष श्री कुलदीप निषाद मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उपायुक्त राज्य कर श्री कृष्ण प्रकाश की विशेष उपस्थिति रही। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती एवं दानवीर भामाशाह जी के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ किया गया। इसके उपरांत अतिथियों एवं व्यापारी प्रतिनिधियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। संस्कृति विभाग के पंजीकृत कलाकारों ने बुन्देलखण्ड की गौरवशाली संस्कृति एवं इतिहास पर आधारित गीत एवं नृत्य की मनोहारी प्रस्तुतियाँ देकर कार्यक्रम को सांस्कृतिक गरिमा प्रदान की।

इस अवसर पर सहायक आयुक्त राज्य कर श्री दीपक कुमार सिंह ने दानवीर भामाशाह जी के त्याग, राष्ट्रभक्ति एवं अद्वितीय योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका जीवन समाजसेवा, उदारता और राष्ट्र समर्पण का अनुपम उदाहरण है। अपर जिलाधिकारी श्री राकेश कुमार ने उपस्थित व्यापारियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि व्यापारियों का राज्य एवं राष्ट्र की अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण योगदान है। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों को गति देने में व्यापारिक समुदाय की सक्रिय भागीदारी सराहनीय है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जनपद के व्यापारी अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए हमीरपुर को विकास के नए आयामों तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहेंगे।

मुख्य अतिथि एवं नगर पालिका परिषद अध्यक्ष श्री कुलदीप निषाद ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा दानवीर भामाशाह जी की जयंती को "व्यापारी कल्याण दिवस" के रूप में मनाने का निर्णय व्यापारिक समाज के सम्मान एवं उनके योगदान की औपचारिक मान्यता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि व्यापारी एवं उद्यमी समाज आर्थिक विकास की रीढ़ हैं तथा उनका सम्मान विकसित प्रदेश और विकसित भारत की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने दानवीर भामाशाह जी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए बताया कि महाराणा प्रताप के संघर्ष के कठिन समय में उन्होंने अपनी समस्त धन-संपदा राष्ट्र एवं स्वाभिमान की रक्षा के लिए समर्पित कर दी थी। उनका त्याग, समर्पण और राष्ट्रभक्ति आज भी प्रत्येक नागरिक एवं व्यापारी के लिए प्रेरणास्रोत है।

कार्यक्रम के दौरान जनपद हमीरपुर के विभिन्न वर्गों में सर्वाधिक व्यापार कर (जीएसटी) जमा करने वाली 10 प्रतिष्ठानों को प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों में श्री के.जी. अग्रवाल (अध्यक्ष, उ.प्र. उद्योग व्यापार मंडल), श्री हृदयेश मिश्रा (महामंत्री, भारतीय उद्योग व्यापार मंडल), श्री विवेक गुप्ता, श्री धीरेन्द्र गुप्ता, श्री जितेन्द्र गुप्ता, श्री सुनील शर्मा (अध्यक्ष, कर अधिवक्ता संघ, हमीरपुर) सहित बड़ी संख्या में व्यापारी, अधिवक्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।