-
☰
No image found.
मध्य प्रदेश: सुखसागर अस्पताल पर घोटाले व अवैध निर्माण के आरोप, जांच की मांग हुई तेज
- Photo by : social media
संक्षेप
मध्य प्रदेश: शहर के सुखसागर अस्पताल को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। बहुजन चेतना विकास मोर्चा ने 10 अप्रैल को अस्पताल के सामने जोरदार प्रदर्शन कर आयुष्मान योजना में कथित करोड़ों रुपये के घोटाले और वन भूमि एवं आदिवासी भूमि पर अस्पताल निर्माण की जांच की मांग उठाई ।
विस्तार
मध्य प्रदेश: शहर के सुखसागर अस्पताल को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। बहुजन चेतना विकास मोर्चा ने 10 अप्रैल को अस्पताल के सामने जोरदार प्रदर्शन कर आयुष्मान योजना में कथित करोड़ों रुपये के घोटाले और वन भूमि एवं आदिवासी भूमि पर अस्पताल निर्माण की जांच की मांग उठाई । प्रदर्शन का नेतृत्व मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राधेश्याम मेहरा ने किया। इस दौरान भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष संजू लाल झारिया, विकास मोर्चा के जिलाध्यक्ष टिक्कू सिंह लोधी, समाजसेवी नीरज मिश्रा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे । प्रदर्शनकारियों ने तहसीलदार को ज्ञापन सौंपते हुए आरोप लगाया कि आयुष्मान कार्ड योजना के तहत बड़े पैमाने पर अनियमितताएं की गई हैं, जिससे शासन को आर्थिक नुकसान पहुंचा है। साथ ही उन्होंने वन विभाग की जमीन और आदिवासियों की भूमि पर अस्पताल निर्माण की वैधता की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की । ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि अस्पताल में कार्यरत कर्मचारियों को न्यूनतम 20 हजार रुपए प्रतिमाह वेतन सुनिश्चित किया जाए । प्रदर्शनकारियों का कहना है कि यदि समय रहते इन मामलों की पारदर्शी जांच नहीं हुई तो आम जनता के अधिकारों का हनन होता रहेगा और सरकारी योजनाओं का दुरुपयोग जारी रहेगा । मौके पर तहसीलदार एवं बरगी थाना पुलिस बल मौजूद रहा। प्रशासन ने ज्ञापन प्राप्त कर 15 दिनों के भीतर जांच कराने का आश्वासन दिया है। वहीं मोर्चा ने चेतावनी दी है कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
