-
☰
No image found.
उत्तर प्रदेश: आजीवन कारावास काट रहा कैदी फरार, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: बरेली में केंद्रीय कारागार इज्जतनगर से सोमवार को एक बंदी के फरार होने की सनसनीखेज घटना सामने आने के बाद जेल प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: बरेली में केंद्रीय कारागार इज्जतनगर से सोमवार को एक बंदी के फरार होने की सनसनीखेज घटना सामने आने के बाद जेल प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पास्को सहित गंभीर धाराओं में दोषसिद्ध होकर आजीवन कारावास की सजा काट रहा बंदी दिनेश पुत्र अरविंद निवासी नन्हेड़ा राजपूत, थाना डिडौली, जनपद अमरोहा दिन में केंद्रीय कारागार से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ जेल अधीक्षक अविनाश गौतम ने तत्काल थाना इज्जतनगर पुलिस को सूचना देकर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। सूचना मिलते ही थाना इज्जतनगर पुलिस सक्रिय हो गई और पूरे जिले में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया। पुलिस ने रेलवे स्टेशन, रोडवेज बस अड्डा, प्रमुख चौराहों, हाईवे, टोल प्लाजा तथा जिले की सीमाओं पर सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया। फरार बंदी की तलाश में पुलिस की पांच विशेष टीमें गठित की गई हैं, जिन्हें अलग-अलग क्षेत्रों में लगाया गया है। जानकारी के अनुसार दिनेश वर्ष 2020 से जेल में निरुद्ध था और उसके खिलाफ पास्को समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज था। न्यायालय द्वारा उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई जा चुकी थी। ऐसे में उसके फरार होने की घटना को सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी चूक माना जा रहा है। घटना के बाद जेल प्रशासन ने भी आंतरिक जांच शुरू कर दी है। यह पता लगाया जा रहा है कि बंदी किस प्रकार सुरक्षा घेरा तोड़कर कारागार परिसर से बाहर निकलने में सफल हुआ। मामले की रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है और कारागार की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है। फरारी की सूचना आसपास के जनपदों की पुलिस को भी भेज दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बंदी की गिरफ्तारी तक अभियान लगातार जारी रहेगा। वहीं इस घटना ने केंद्रीय कारागार की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पूरे जिले में अलर्ट जारी है और पुलिस की टीमें फरार बंदी की तलाश में जुटी हुई हैं।
थाना प्रभारी निरीक्षक इज्जतनगर सुरेश चंद्र गौतम ने बताया कि फरार बंदी की गिरफ्तारी के लिए पांच टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। उसके संभावित ठिकानों, रिश्तेदारों और परिचितों पर नजर रखी जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही बंदी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
