-
☰
No image found.
उत्तर प्रदेश: कजरी तीज पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर मंडलायुक्त ने किया निरीक्षण
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: गोण्डा कजरी तीज पर्व के मद्देनजर मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने शनिवार को सरयू घाट, दुःखहरण नाथ मंदिर और पृथ्वीनाथ मंदिर का स्थलीय निरीक्षण किया।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: गोण्डा कजरी तीज पर्व के मद्देनजर मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने शनिवार को सरयू घाट, दुःखहरण नाथ मंदिर और पृथ्वीनाथ मंदिर का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम दर्शन के लिए की गई तैयारियों का जायजा लिया। मंडलायुक्त ने घाट, मंदिर परिसरों और श्रद्धालुओं के आवागमन वाले क्षेत्रों का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए। मंडलायुक्त ने कहा कि कजरी तीज के पावन पर्व पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने सरयू घाट पर साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, सुरक्षा, बैरिकेडिंग और भीड़ प्रबंधन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को स्नान और आवागमन के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो। दुःखहरण नाथ और पृथ्वीनाथ मंदिरों में भी उन्होंने प्रवेश और निकास व्यवस्था, कतारबद्ध दर्शन, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश, पार्किंग और अन्य जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के साथ जरूरत के अनुसार बैरिकेडिंग और अन्य सुरक्षा इंतजाम पहले से पूरे करने को कहा। मंडलायुक्त ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कजरी तीज जैसे महत्वपूर्ण पर्व पर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ काम करें, ताकि पर्व शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके। पुलिस उपमहानिरीक्षक अशोक कुमार ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, प्रभावी भीड़ प्रबंधन और संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने श्रद्धालुओं के आवागमन को सुचारु बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित करने को कहा। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने स्वास्थ्य और आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता पर जोर दिया। उन्होंने किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने और अधिकारियों को लगातार स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक अभिषेक ने सरयू घाट और मंदिर परिसरों की स्वच्छता, सौंदर्यीकरण और श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक सुविधाओं को मजबूत करने पर जोर दिया। मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद ने भी सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ व्यवस्थाओं की लगातार समीक्षा करने के निर्देश दिए। वहीं, कजरी तीज पर्व के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति को लेकर मंडलायुक्त की पहल के बाद मंडल के तीन जिलों गोण्डा, बहराइच और श्रावस्ती में विद्युत आपूर्ति को लेकर विशेष व्यवस्था की गई है। जानकारी के अनुसार 10 सितंबर 2026 से 31 अक्टूबर 2026 तक प्रतिदिन शाम 6 बजे से निर्बाध और कटौती मुक्त विद्युत आपूर्ति किए जाने की व्यवस्था को मंजूरी दी गई है। निरीक्षण के दौरान पुलिस उपमहानिरीक्षक अशोक कुमार, जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन, पुलिस अधीक्षक अभिषेक, मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
गुजरात: वलसाड रेलवे स्टेशन पर RPF महिला पुलिसकर्मी से अभद्रता का आरोप, कुछ घंटों में आरोपी गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश: 14 सितंबर से मनाया जाएगा श्री गणेश महोत्सव, तैयारियों को लेकर समिति की बैठक
गुजरात: आहवा में RSS के युवा संगम कार्यक्रम में जुटे 200 से अधिक युवा
हरियाणा: सेवा और संगठन के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही भाजपा, विधायक कंवर सिंह यादव
मध्य प्रदेश: संत रविदास महाराज की 650वीं जयंती पर पोरसा में निकली भव्य कलश यात्रा
